Ghooskhor Pandat: नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म 'घुसखोर पंडित' के ऐलान के महज दो दिन बाद ही फिल्म विवादों में घिर गई है। दिल्ली उच्च न्यायालय में इसकी रिलीज पर रोक लगाने के लिए एक याचिका दायर की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि फिल्म का टाइटल ब्राह्मण समुदाय को बदनाम करता है और आपत्तिजनक है।
महेंद्र चतुर्वेदी द्वारा अधिवक्ता विनीत जिंदल के माध्यम से दायर याचिका में फिल्म की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने हेतु आदेश जारी करने की मांग की गई है। घूसखोर पंडित में मनोज बाजपेयी ने अजय दीक्षित नाम के एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित अपने नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स 2026 कार्यक्रम के दौरान इस फिल्म का ऐलान किया। इसके बाद फिल्म का पहला टीज़र सोशल मीडिया और यूट्यूब पर शेयर किया गया।
याचिकाकर्ता का दावा है कि वे फिल्म से आहत हैं, उनका कहना है कि 'पंडित' शब्द को रिश्वतखोरी से जोड़ना ब्राह्मण समुदाय की गरिमा और प्रतिष्ठा के साथ-साथ उनके स्वयं के पेशे को भी नुकसान पहुंचाता है। इस याचिका में नेटफ्लिक्स इंडिया द्वारा इस शीर्षक से फिल्म के ऐलान और प्रचार पर आपत्ति जताई गई है, साथ ही यह भी कहा गया है कि भारतीय समाज और धार्मिक परंपराओं में यह शब्द ऐतिहासिक रूप से विद्वत्ता, नैतिक आचरण, आध्यात्मिक मार्गदर्शन और नैतिक अधिकार का प्रतीक है।
याचिकाकर्ता का दावा है कि टइटल और फर्स्ट लुक वीडियो संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 25 के तहत प्रदत्त मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं, क्योंकि वे एक विशेष धार्मिक और सामाजिक समूह के साथ भेदभाव करते हैं, गरिमा और प्रतिष्ठा के अधिकार का हनन करते हैं और आस्था, रीति-रिवाजों और परंपराओं से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अपमानित करते हैं।
याचिकाकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि भारत सरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रचनात्मक स्वतंत्रता के दुरुपयोग को रोकने के लिए एक प्रभावी नियामक तंत्र स्थापित करने में विफल रही है। फिल्म के पहले लुक टीज़र के रिलीज होने पर मंगलवार और बुधवार को सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने शीर्षक पर आपत्ति जताई और शीर्षक न बदले जाने पर नेटफ्लिक्स का बहिष्कार करने की धमकी दी। नेटफ्लिक्स इंडिया ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म द्वारा टिप्पणी किए जाने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा।
घूसखोर पंडित की कहानी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी, अजय दीक्षित की एक रोमांचक और पैसे कमाने वाली प्लानिंग तब धराशायी हो जाती हैं जब वह दिल्ली के बीचोंबीच चलती कार से फेंकी गई बुरी तरह घायल लड़की की पहचान उजागर करने की कोशिश में खुद को एक वैश्विक साजिश के बीच पाता है।
इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय और दिव्या दत्ता मुख्य भूमिका में हैं। नीरज पांडे और रितेश शाह द्वारा लिखित यह फिल्म शाह के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है। यह फिल्म इस साल के अंत में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। फिलहाल इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।