Machan Baba: 'मचान बाबा' से फिल्म मेकिंग में डेब्यू करने जा रहीं पूनम गुप्ता, देवराहा बाबा पर बेस्ड होगी कहानी

Machan Baba: देवराहा बाबा का नाम काफी वंदनीय है। आम से लेकर राजनेता तक उनकी शरण पहुंचे हैं। उनकी आयु को लेकर कभी कोई खास जानकारी सामने नहीं आई। वहीं अब बाबा पर फिल्म बनाई जा रही है, जिसका निर्माण मशहूर ब्रिटिश कारोबारी पूनम गुप्ता करेंगी।

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 11:26 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
देवराहा बाबा भारतीय संत परंपरा के सबसे रहस्यमयी व्यक्तित्वों में गिने जाते हैं। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी सहित कई बड़े नेताओं से उनकी मुलाकातें लंबे समय से चर्चा में रही हैं।

Machan Baba: ‘पेपर क्वीन’ के नाम से मशहूर ब्रिटिश कारोबारी पूनम गुप्ता OBE ने अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया है। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के सिद्ध संत देवराहा बाबा के जीवन और उनसे जुड़े रहस्यमयी प्रसंगों से प्रेरित फिल्म के निर्माण का ऐलान किया है। फिल्म का नाम ‘मचान बाबा’ रखा गया है।

पूनम गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की। पोस्टर में देवराहा बाबा के जीवन की सबसे विशिष्ट पहचान रहे उनके मचान को केंद्र में रखा गया है। फिल्म को 2027 में रिलीज करने की योजना है।

ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की उद्यमी पूनम गुप्ता लंबे समय से कारोबारी दुनिया में सक्रिय हैं और ‘पेपर क्वीन’ के नाम से पहचानी जाती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी व्यावसायिक पहचान बनाने के बावजूद उनका भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से गहरा जुड़ाव रहा है।


पूनम गुप्ता OBE ने कहा कि देवराहा बाबा का व्यक्तित्व मुझे हमेशा से आकर्षित करता रहा है। उनके जीवन को लेकर जितना पढ़िए और जितने लोगों से बात कीजिए, उतनी ही नई परतें सामने आती हैं। उनकी आयु से लेकर उनकी साधना, आम लोगों के साथ उनके संबंध और देश के बड़े व्यक्तित्वों से हुई उनकी मुलाकातों तक, बहुत कुछ ऐसा है जो आज भी रहस्य बना हुआ है। ‘मचान बाबा’ के जरिए हमारी कोशिश होगी कि इस असाधारण जीवन को पूरी श्रद्धा, संवेदनशीलता और प्रामाणिकता के साथ बड़े पर्दे तक पहुंचाया जाए।

देवराहा बाबा भारतीय संत परंपरा के सबसे रहस्यमयी व्यक्तित्वों में गिने जाते हैं। उनकी आयु को लेकर कभी कोई खास जानकारी सामने नहीं आया। अलग-अलग स्रोतों और उनके भक्तों के संस्मरणों में उन्हें अत्यंत दीर्घायु संत के रूप में बताया गया है। सामान्य श्रद्धालुओं से लेकर देश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन की अनेक बड़ी हस्तियां उनके दर्शन के लिए पहुंचती रही थीं।

इंदिरा गांधी, राजीव गांधी सहित कई बड़े नेताओं से उनकी मुलाकातें लंबे समय से चर्चा में रही हैं। पूनम गुप्ता का कहना है कि इसी रहस्य, आध्यात्मिकता और असाधारण जीवन ने उन्हें इस विषय की ओर आकर्षित किया। फिल्म के दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल हैं। लखनऊ में जन्मे और पले-बढ़े विकल्प वर्तमान में अमेरिका के ऑस्टिन, टेक्सास में रहते हैं।

विकल्प पालीवाल ने कहा कि हम बचपन से देवराहा बाबा के बारे में सुनते आए हैं और ऐसे में जब मुझे इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का मौका मिला तो मैं चूकना नहीं चाहता था। ‘मचान बाबा’ का निर्माण Ojas Films के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म इस समय प्री-प्रोडक्शन के चरण में है। देवराहा बाबा से जुड़े उपलब्ध साहित्य, पुराने दस्तावेजों, तस्वीरों, प्रत्यक्षदर्शियों और उनके संपर्क में रहे लोगों के अनुभवों पर शोध किया जा रहा है। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म का उद्देश्य केवल चमत्कारों या प्रचलित किंवदंतियों को पर्दे पर उतारना नहीं, बल्कि उस व्यक्ति और उस रहस्य को समझने का प्रयास करना है, जिसने दशकों तक लाखों लोगों की आस्था और जिज्ञासा को एक साथ जीवित रखा। फिल्म को 2027 में रिलीज करने की योजना है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।