Dupahiya 2: प्राइम वीडियो ने अपनी हिंदी ओरिजिनल सीरीज "दुपहिया' के सीजन 2 के प्रीमियर की तारीख 1 अक्टूबर, 2026 ऐलान कर दिया है। धड़कपुर पर आधारित यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज अपनी मासूमियत, पागलपन और छोटे शहर के अनोखे अटरेक्शन के खास मिक्चर के साथ वापस आ रही है।
इस नए सीजन में नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी, जो पहले से ज्यादा अफरातफरी मचाएंगी और गुदगुदाएंगी। 'दुपहिया' सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इस सीजन को सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले बनाया और निर्मित किया है, जबकि इसे अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने बनाया और लिखा है।
पहले सीजन की सफलता के बाद नया सीजन भी अपने शानदार कलाकारों के साथ लौट रहा है, जिसमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा शामिल हैं। वहीं दिनेश लाल यादव भी इस टीम का हिस्सा बन गए हैं। 'दुपहिया' सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।
प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया में ओरिजिनल्स (SVOD) के निदेशक और प्रमुख निखिल माधोक ने कहा- हमारे लिए सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण यही है कि कोई कहानी तुरंत दर्शकों से जुड़ जाए। जब किरदार लोगों की खाने की मेज पर होने वाली बातचीत का हिस्सा बनने लगते हैं, तब हमें लगता है कि हमने कुछ सही किया है। दुपहिया इसका एक बेहतरीन उदाहरण है।
क्रिएटर्स और कार्यकारी निर्माताओं सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने एक संयुक्त बयान में कहा, “दुपहिया की कहानी हमेशा से हमारे दिल के बहुत करीब रही है। भले ही इसकी कहानी ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर है, लेकिन मूल रूप से यह बड़े सपनों और रोजमर्रा की उथल-पुथल के टकराव की कहानी है, जिसमें इस सफर के दौरान अनपेक्षित हास्य भी देखने को मिलता है। हमें खुशी है कि पहले सीजन को दुनियाभर के दर्शकों ने इतना पसंद किया और उनसे इसे इतना प्यार मिला। अब हम इस कहानी को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।