Priyanka Chopra: प्रियंका चोपड़ा अपनी आगामी फिल्म 'द ब्लफ' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। एक्शन थ्रिलर फिल्म को देखने के लिए अब कुछ ही दिन बचे हैं, और दर्शकों में उत्साह पीक पर है क्योंकि प्रियंका चोपड़ा फिल्म में कुछ खतरनाक स्टंट करती नजर आएंगी।
रिलीज से पहले, यह ग्लोबल स्टार फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। अब उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी आगामी फिल्म, किरदार और फिल्म से जुड़ी चुनौतियों के बारे में विस्तार से बात की। एएनआई से बात करते हुए प्रियंका चोपड़ा जोनास ने कहा, “किसी भी किरदार के साथ सफर पर निकलते समय यह समझना बहुत जरूरी है कि वो ऐसा क्यों कर रहा है।
एक्ट्रेस ने कहा कि चार गुंडे खड़े हैं और आप उन्हें पीटते रहते हैं, इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। दिलचस्पी तब आती है जब आपके पास कोई वजह हो। मेरे लिए, वो वजह यह थी कि एक मां अपने बच्चे की रक्षा के लिए कितनी हद तक जा सकती है? मेरी बेटी का जन्म अभी हुआ ही है, जब मैंने फिल्म की शूटिंग शुरू की तब वो दो साल की थी। अगर उसके पीछे कोई आया तो मैं तो तोड़ दूंगी ना इंसान को।
एक्ट्रेस ने बताया कि यही मैरी का कैरेक्टर है। वह निर्भीक है, गंदे खेल खेलती है, कहीं से भी वार कर सकती है, और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इसीलिए आपको लगता है कि वह हिंसक और घिनौनी है और उसे कोई पछतावा नहीं है, क्योंकि आप उसके बच्चे के पीछे पड़े हैं। आप तुरंत समझ जाते हैं कि उस समय उसका गुस्सा किस स्तर का होगा।
प्रियंका ने बताया, “इस काम के लिए जिस स्कील की ज़रूरत थी, वो कमाल का था – मैंने इससे पहले कभी तलवारों से काम नहीं किया था। मेरी एकमात्र पिछली फिल्म, बाजीराव मस्तानी, जिसमें मैंने तलवारबाजी का काम किया था, लेकिन उसमें मैं उनकी पत्नी का किरदार निभा रही थी, इसलिए उस फिल्म में मेरा कोई एक्शन या स्टंट नहीं था। मुझे तलवार चलाना सीखना पड़ा, और वो भी दोनों हाथों से, साथ ही कार्ल जैसे माहिर योद्धा से लड़ने में सक्षम होना पड़ा, जिन्होंने इससे पहले लॉर्ड ऑफ द रिंग्स में ऐसा किया था।
देसी गर्ल ने कहा कि आप जानते हैं, उन्होंने कई फिल्मों में ऐसा किया है। इसलिए, मैं भी यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि मुझे भी अपना काम अच्छे से आता हो। इसलिए, प्रशिक्षण लेने में कई सप्ताह लग गए, उस समय की विभिन्न प्रकार की राइफलों को चलाना सीखना पड़ा जिनमें बारूद भरना होता था। किसी बड़े एक्शन सीक्वेंस के बीच में ऐसा करना, इसमें बहुत बारीकी की आवश्यकता होती थी, जो चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ मजेदार भी था।
हॉलीवुड फिल्मों के अलावा, प्रियंका चोपड़ा एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शानदार वापसी करने के लिए तैयार हैं। भारतीय संस्कृति में रची-बसी इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म में प्रियंका, महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नज़र आएंगी। बड़े बजट की इस फिल्म की पटकथा राजामौली के पिता और जाने-माने लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी है।