Priyanka Chopra: भारतीय सिनेमा में पौराणिक कथाओं के फिर से लोकप्रिय होने से बहुत पहले, एकता कपूर ने लोककथाओं को मेनलीड की कहानियों में शामिल करने की कोशिश की थी, लेकिन वे असफल रहीं। नागिन को फीचर फिल्म बनाने का उनका प्लान कास्टिंग के स्टेप पर फ्लॉप हो गया था, जिसके चलते उन्हें टेलीविजन पर इसे लाना पड़ा।
इसके बाद जो कुछ हुआ, वह कोई समझौता नहीं था, बल्कि भारतीय टेलीविजन की सबसे लोकप्रिय और लंबे समय तक चलने वाली फ्रेंचाइजी में से एक बन गया। कपूर का मानना है कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि देश आज भी अपनी लोककथाओं को कितना कम आंकता है।
उषा काकडे प्रोडक्शंस के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में, एकता कपूर ने खुलकर बताया कि कैसे इंडियन ऑडियंश वेस्टर्न सुपरहीरो कहानियों को अपनाते हैं, जबकि अक्सर अपनी सांस्कृतिक पौराणिक कथाओं को कम महत्व देते हैं।
एकता ने कहा, “भारत में पौराणिक कथाएं हमारे देश के लोगों के दिलों में गहराई से बसी हुई हैं। हम अपने दादा-दादी से ये कहानियां सुनते हुए बड़े हुए हैं। भारत में हर बच्चा जानता है कि नागिन बदला लेती है।” उन्होंने आगे कहा, “फिर भी, हम बैटमैन और सुपरमैन जैसी फिल्में देखते हैं, लेकिन हम अपने भारतीय लोककथाओं को अपने पर्दे पर दिखाने की परवाह नहीं करते चाहे वह टेलीविजन हो या फिल्म।”
उन्होंने खुलासा किया कि नागिन को मूल रूप से एक फीचर फिल्म के रूप में बनाने की योजना थी, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें प्रारूप पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं पहले नागिन नाम की एक फिल्म बनाना चाहती थी। मैं कहानी लेकर दो बड़े सितारों के पास गई थी—एक ने हा कहा, दूसरे ने मना कर दिया। जिस अभिनेत्री ने हां कहा था, वह बाद में अमेरिका चली गई। तभी मैंने नागिन को एक टेलीविजन शो में बदलने का फैसला किया।”
हालांकि एकता ने अपने हालिया इंटरव्यू में अभिनेत्रियों के नाम लेने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने पहले ही इस मामले को स्पष्ट कर दिया था। फिल्म कंपेनियन से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रियंका चोपड़ा ने इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी थी, जबकि कैटरीना कैफ ने मना कर दिया था।