Hanuman Ansh: इतनी सफलता के बावजूद ऑस्कर में 'हनुमान अंश' नहीं कर पाई एंट्री, प्रोड्यूसर ने वजह का किया खुलासा

Hanuman Ansh: 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने बताया कि फिल्म ऑस्कर सबमिशन की डेडलाइन चूक गई है। टीम को इस प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं थी और वे दूसरे कामों में व्यस्त थे।

अपडेटेड Sep 12, 2026 पर 5:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
'हनुमान अंश' का निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर, स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत किया था। यह फिल्म उनकी किताब पर आधारित है।

Hanuman Ansh: 'मिर्जापुर', 'हैवान' और 'टॉक्सिक' जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। दर्शक फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। इतनी लोकप्रियता के बावजूद 'हनुमान अंश' ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री नहीं होगी। ऐसा क्यों? प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने इसकी वजह बताई।

बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत में प्रोड्यूसर से पूछा गया कि क्या फिल्म को तेलुगु के अलावा किसी और भाषा में डब किया जाएगा। उन्होंने कहा- "नहीं।" यह पूछे जाने पर कि फिल्म 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटेगरी के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री क्यों नहीं होगी। उन्होंने जानकारी की कमी को मुख्य कारण बताया और कहा कि वे डेडलाइन चूक गए। उन्हें सबमिशन प्रोसेस के बारे में पता नहीं था।

प्रोड्यूसर ने कहा- "हमने इसे सिर्फ तेलुगु में डब किया है। मुझे समय ही नहीं मिल रहा है! हम कल ऑस्कर सबमिशन की डेडलाइन चूक गए, क्योंकि वह आखिरी दिन था। हमें हजारों लोगों के फोन आए कि आपने फिल्म सबमिट नहीं की। लेकिन हमें इसके बारे में पता नहीं था। हम बहुत सी चीजों में व्यस्त हैं। साथ ही हमारी टीम बहुत छोटी है।"


उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमने तेलुगु में डबिंग कर ली है और फिर बाकी भाषाओं पर काम करेंगे। हम फिल्म को सुलभ बनाने पर भी काम कर रहे हैं ताकि अलग-अलग क्षमताओं वाले लोग भी इसे देख सकें।

हनुमान अंश के बारे में

'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफ़िस पर शुरुआत धीमी रही और पहले दिन इसने सिर्फ 10 लाख रुपये कमाए। शुरुआती दो हफ्ते भी कुछ खास नहीं रहे और फ़िल्म ने कुल मिलाकर सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये (नेट) कमाए। हालांकि लोगों के बीच फिल्म की तारीफ होने के बाद इसकी किस्मत बदल गई।

16वें दिन फ़िल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया, जिससे आने वाले हफ्तों में इसकी मजबूत दौड़ का रास्ता साफ हो गया। फिल्म ने तीसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में रिकॉर्ड कमाई की। चौथे वीक में 61 करोड़ रुपये और पांचवें वीक में 90 करोड़ रुपये कमाए। इसकी रफ्तार छठे वीकेंड में भी बनी रही और फिल्म ने शुक्रवार को—जो सिनेमाघरों में इसका 36वां दिन था—10.50 करोड़ रुपये (नेट) कमाए। इसके साथ ही, भारत में इसकी कुल नेट कमाई 174 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

'हनुमान अंश' का निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर, स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत किया था। यह फिल्म उनकी किताब पर आधारित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।