प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तेलंगाना के 29 सितारों पर मामला दर्ज किया है। इसमें एक्टर्स, यूट्यूबर्स और इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर के नाम शामिल हैं। इन लोगों पर अवैध सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देने के आरोप के तहत मामला दर्ज किया है। चौंकाने वाली बात ये है कि लिस्ट में एक्टर विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, मंचु लक्ष्मी, प्रकाश राज, निधि अग्रवाल, जैसे बड़े सितारों के नाम शामिल हैं। वहीं अनन्या नागल्ला, प्रणीता सुभाष, एंकर श्रीमुखी, श्यामला, यूट्यूबर हर्षा साई, बय्या सनी यादव और लोकल बॉय नानी का नाम भी हैं। यह कार्रवाई साइबराबाद पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अंतर्गत की गई है।
मामले तब सामने आया जब मियापुर के 32 साल के व्यवसायी फणिंद्र शर्मा ने पहली शिकायत को दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि कई युवा और आम लोग इन सट्टेबाजी ऐप्स में खूब पैसा लगा रहे हैं, जिसे मशहूर फ़िल्मी सितारे प्रचारित कर रहे हैं। शिकायत के मुताबिक ये ऐप्स मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों को वित्तीय संकट में झोंकने का काम कर रहे हैं। साइबराबाद पुलिस ने 19 मार्च 2025 को 25 celebrity के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें भादंसं, तेलंगाना गेमिंग एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत केस किया गया था।
ईडी अब इस मामले को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आगे बढ़ा रहा है। इन सभी सितारों से प्रचार के लिए मिले भुगतान, वित्तीय लेनदेन और कर रिकॉर्ड की रिपोर्ट मांगकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इन ऐप्स में हजारों करोड़ रुपये का लेनदेन शामिल होता है। इसमें युवाओं को आसान ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर वित्तीय और मानसिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
वहीं विजय देवरकोंडा की टीम ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि उन्होंने केवल कौशल-आधारित गेमिंग प्लेटफॉर्म A23 का प्रमोशन किया था, जो 2023 में खत्म हो चुका है। वहीं प्रकाश राज ने कहा कि उन्होंने 2016 में एक ऐप का प्रमोशन किया था, लेकिन बाद में इसे गलत मानकर इससे दूरी बना ली थी। जब की राणा दग्गुबाती ने कानूनी अनुपालन करने की बात कही। यह मामला तेलुगु फिल्म उद्योग में बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी बन गया है। ईडी की जांच से इन एक्टर्स पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का खतरा बढ़ता दिख रहा है।