Ramayana Song Mangal Rang: नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ से एक और गाना ‘मंगल रंग’ को मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। इस म्यूजिकल पेशकश के साथ दर्शकों को न सिर्फ फिल्म की दुनिया की झलक देखने मिली है, बल्कि साथ में भगवान राम और मां सीता के खूबसूरत पलो से सजे विजुअल्स को भी खास अंदाज में पेश किया गया है। महाकाव्य से सामने आए दूसरे गाने में शानदार नजारे, भव्य महल और खूबसूरत जोड़ी के शादी की झलक भी देखने मिलती है।
गाने जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम और साईं पल्लवी को माता सीता के रूप में देखा जा रहा है। गाना एक्सक्लूसिव टी-सीरीज के ऑफिशल यूट्यूब चैनल वर्ल्ड ऑफ रामायणम् पर उपलब्ध है। 'मंगल रंग' गाने को मेकर्स द्वारा हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है।
ग्रैंड सेटिंग के अलावा ‘मंगल रंग’ गाने की खास बात यह भी है कि यह राम और सीता के बीच के अनोखे बंधन की दिखाता है। गाने में शादी के सीन में रिश्ते की पवित्रता और उसे लेकर होने वाली खुशी देखने मिलती है, जबकि वनवास के सफर वाले पल उनके रिश्ते के अलग रंग को खुद में लिए हुए हैं।
रामायणम् के इस शानदार गाने को कई बेहतरीन टैलेंट्स ने साथ मिलकर आकार दिया है। जहां इसे ए. आर. रहमान द्वारा कंपोज किया गया है, वहीं इसके हिंदी में बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने के हिंदी वर्जन को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी सुरीली आवाज से सजाया है, जबकि दूसरी भाषाओं में भी इसे कई अलग-अलग सिंगर्स और लिरिसिस्ट ने आकार दिया है और इस तरह से यह सभी मिलकर गाने में इमोशनल कोर को दर्शकों तक दुनिया भर में पहुंचा रहे हैं।
बता दें कि तमिल वर्जन को अभय जोधपुरकर और सैंधवी ने गाया है, इसके बोल कार्तिक नेथा ने लिखे हैं। जबकि, तेलुगु वर्जन को राघव कौशिक और वैशाली सामंत ने अपनी आवाज से सजाया है। इसके बोल राकेंदु मौली ने लिखे हैं। कन्नड़ वर्जन में अरमान मलिक और बेला शेंडे की आवाज है, वहीं बोल कार्तिक सरागुर ने लिखे हैं। मलयालम वर्जन को नरेश अय्यर और अमृता राजन ने अपनी आवाज दी है, जिसे विनायक शशि कुमार ने लिखा है।
रामायण के गाने मंगल रंग के बारे में बात करते हुए म्यूजिक कंपोजर ए.आर. रहमान ने कहा कि "रामायणम् एक ऐसी कहानी है जो पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी है। इसे म्यूजिक के जरिए छूना मेरे लिए एक बहुत खास एक्सपीरियंस रहा। राम और सीता के रिश्ते में एक खास तरह की पवित्रता और सौम्यता है, जिसे मैं म्यूजिक में बनाए रखना चाहता था। 'मंगल रंग' के साथ मुझे उम्मीद है कि लिस्नर्स उस गर्माहट और भक्ति को महसूस करेंगे।
अरिजीत सिंह कहते हैं- “रामायण एक कहानी या महाकाव्य से कही बढ़कर है, बल्कि असल में यह जिंदगी, हमारी अंतरात्मा और हमारे आसपास की हर चीज से हमारे जुड़ाव को दिखाती है। ए. आर. रहमान सर के कंपोज किए हुए ‘मंगल रंग’ की धुन मुझे शब्दों से परे एक ऐसी दुनिया में ले गई, जहां प्यार अपने सबसे खूबसूरत रूप में दिखता है।
श्रेया घोषाल ने कहा कि "राम और सीता के प्यार को जो चीज इतना खूबसूरत बनाती है, वो ये है कि ये साथ होने की खुशी से भी कहीं आगे की बात है। उनके रिश्ते में एक आस्था, समझ और एक खामोश ताकत है जो इसे गहराई से छू जाती है। 'मंगल रंग' गाने से मुझे उस कोमलता से जुड़ने का मौका मिला और मैंने इसे दिल में बहुत सारा प्यार लेकर गाया।
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी 'रामायण' को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी। फिल्म का पार्ट 1, 5 नवंबर 2026 और पार्ट 2 दिवाली 2027 में दुनियाभर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म को सोनी पिक्चर्स दुनिया भर में भारत छोड़कर रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। फिल्म दुनियाभर में IMAX में रिलीज होगी। जबकि फिल्म के गाने टी सीरीज के लेबल तले रिलीज किए जाएंगे।