Rani Mukerji: तीन सुपरस्टार... तीन बिल्कुल अलग-अलग एनर्जी वाले... और एक ऐसी एक्ट्रेस जिसने उन्हें करीब से देखा है। इस साल शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के 60 साल पूरे होने पर, उनकी विरासत को लेकर चर्चाएं और भी तेज हो गई हैं। बहुत कम एक्टर कह सकते हैं कि उन्होंने तीनों के साथ काम किया है। रानी मुखर्जी उनमें से एक हैं।
हाल ही में गलाटा प्लस के साथ एक बातचीत में, अभिनेत्री ने तीनों खानों के साथ बिताए अपने समय को याद किया और बताया कि कैमरा चालू होते ही वे कितने अलग हो जाते हैं। रानी ने आमिर के साथ पहली बार गुलाम (1998) में काम किया था। उन्हें याद है कि वह अनुभव कितना अद्भुत था।
एक्ट्रेस ने कहा कि जब मैं आमिर से मिली और उन्हें गुलाम में काम करते देखा, तो यह मैजिक था। मैंने उन्हें बचपन में कयामत से कयामत तक में देखा था और उन पर बहुत फिदा थी। वे कयामत से कयामत तक में बहुत प्यारे लग रहे थे। मुझे लगता है कि मैं जूही पर भी उतनी ही फिदा थी।
उन्होंने आगे कहा, “जब मुझे गुलाम के लिए साइन किया गया, तो मुझे याद है कि मैंने सोचा था, ‘हे भगवान, मैं इतने बड़े स्टार के साथ काम करने जा रही हूं।’ लेकिन जिस चीज़ ने मुझे सबसे ज़्यादा प्रभावित किया, वह थी हर शॉट के प्रति उनका समर्पण—संवेदनशीलता, गंभीरता और उन्होंने अपने अभिनय में अपना सब कुछ झोंक दिया। ये मेरे शुरुआती दिन थे और मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा।
आमिर के बाद, उन्होंने शाहरुख के साथ 'कुछ कुछ होता है' और 'चलते चलते' जैसी फिल्मों में काम किया। रानी कहा कि उसके बाद, मैंने शाहरुख के साथ काम किया। मैंने उन्हें बचपन में 'डीडीएलजे' में देखा था। यह फिल्म 1995 में रिलीज़ हुई थी, उसी साल मैं अपनी पहली फिल्म 'राजा की आएगी बारात' की शूटिंग कर रही थी। इन दो बड़े सितारों के साथ काम करना किसी सपने जैसा था।
शाहरुख में एक सौम्य, संवेदनशील ऊर्जा है। उन्होंने मुझे एक बच्ची की तरह ट्रीट किया—जब मैंने उनके साथ काम किया तब मैं मुश्किल से 18 साल की थी और वह आज भी मुझे 'बेबी' कहकर बुलाते हैं। आमिर की तरह, शाहरुख भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर बेहद ध्यान केंद्रित करते हैं। वे सेट पर मेरे गुरु समान थे।
जबकि सलमान के साथ उनका अनुभव बिल्कुल अलग था। उन्होंने कहा, “जब मैं सलमान से मिली, तो सब कुछ पूरी तरह बदल गया। उनके काम के प्रति समर्पण बिल्कुल अलग है। वो पूरे स्वैग और बिंदास अंदाज में आते हैं। आपको लग सकता है कि वो अभी मौजूद नहीं हैं, लेकिन वो पूरी तरह से मौजूद होते हैं। रानी ने आगे बताया, “वो इतने हैंडसम हैं कि जब वो सेट पर आते हैं, तो हर कोई उन्हें ही देखता रह जाता है। वो अपने काम को लेकर बहुत सहज हैं, लेकिन वो बेहद मेहनत करते हैं। लोग इसे समझ नहीं पाते क्योंकि वो उन्हें अपने काम के बारे में बताते ही नहीं। वो लगातार अपना योगदान देते रहते हैं-सीन के बारे में बात करते हैं, कुछ नया करते हैं।”
तीनों के बारे में सोचते हुए उन्होंने कहा, “ये तीनों अपने-अपने फील्ड में दिग्गज हैं और अपने काम को अलग-अलग तरीके से करते हैं। लेकिन मूल रूप से, तीनों ही समान रूप से समर्पित, जुनूनी और प्यारे हैं। मैं तीनों को बराबर प्यार करती हूं—तीनों मेरे दिल में एक खास जगह रखते हैं।