रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार थामने को तैयार नहीं है। रिलीज के लगभग डेढ़ महीने बाद भी यह स्पाई थ्रिलर दर्शकों को थिएटर्स में खींच रही है, भले ही छठे हफ्ते में थोड़ी गिरावट आई हो। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 39वें दिन, यानी छठे सोमवार को 2.25 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया, जिससे कुल भारत नेट कमाई 807.90 करोड़ रुपये पहुंच गई।
फिल्म की सफलता का राज उसकी धमाकेदार कहानी, शानदार एक्शन सीक्वेंस और दमदार स्टार कास्ट है। रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन जैसे सितारे स्क्रीन पर आग उगलते नजर आते हैं। दर्शकों ने सोशल मीडिया पर इसे 'इंडियन जेम्स बॉन्ड' जैसा बताया है, जो म्यूजिक और ट्विस्ट्स से भरपूर है। वीकेंड पर शनिवार को 5.75 करोड़ और रविवार को 6.15 करोड़ कमाकर छठे हफ्ते का टोटल 17.65 करोड़ हो गया।
विश्व स्तर पर 'धुरंधर' ने 1300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसे 'दंगल' (2070 करोड़), 'बाहुबली 2' (1788 करोड़) और 'पुष्पा 2' (1742 करोड़) के बाद चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बना रहा है। प्रभास की 'द राजा साब' से मुकाबला होने के बावजूद यह टिकी हुई है। निर्देशक आदित्य धर ने कहा, "दर्शकों का प्यार ही हमारी असली जीत है।"
उसके बाद अच्छी खबर ये है कि 'धुरंधर 2' 19 मार्च 2026 को ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी के मौके पर रिलीज होगी। यह यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी स्टारर 'टॉक्सिक' और 'डकैत' से भिड़ेगी। फैंस पहले से ही बेसब्र हैं। फिल्म की सफलता का श्रेय सिर्फ इसके एक्शन और थ्रिलर एंगल को नहीं जाता, बल्कि इसकी देशभक्ति से जुड़ी भावनात्मक कहानी और रणवीर सिंह के दमदार अभिनय ने इसे दर्शकों के दिलों में जगह दिलाई है। सोशल मीडिया पर लोग इसे रणवीर के करियर का टर्निंग पॉइंट बता रहे हैं और कई फैंस इसे ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बराबर मान रहे हैं।
39 दिनों के बाद भी ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर टिके रहना इस बात का सबूत है कि कंटेंट और स्टार पावर का मेल दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रख सकता है। 800 करोड़ क्लब में शामिल होकर यह फिल्म अब बॉलीवुड की सबसे बड़ी हिट्स में शुमार हो गई है।