Dhurandhar Title Track: रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म 'धुरंधर' धूम मचा रही है। फिल्म का एक गाना अब विंटर ओलंपिक 2026 में वैश्विक मंच पर पहुंच गया है, जहां रूसी-जॉर्जियाई फिगर स्केटर अनास्तासिया गुबानोवा ने अपने परफॉमेंस के दौरान बॉलीवुड का तड़का लगा दिया। बर्फीले मैदान में गूंजती देसी धुन ने सभी को चौंका दिया और देखते ही देखते यह पल इंटरनेट पर वायरल हो गया।
मिलान और कोर्टिना डी'एम्पेज़ो में चल रहे शीतकालीन ओलंपिक 2026 के कई वीडियो ऑनलाइन वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में फिगर स्केटर को धुरंधर के वायरल टाइटल ट्रैक पर स्केटिंग करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने धुरंधर के टाइटल ट्रैक 'जोगी' पर परफॉर्म किया। गाने का ऑरीजनल नाम 'ना दे दिल परदेसी नु' है।
उन्होंने फिल्म अशोक के गीत 'सन सनाना' से अपने प्रदर्शन की शुरुआत की और सहजता से आदित्य धर की फिल्म के गीत पर थिरकने लगीं। बर्फ पर सहजता से स्केटिंग हुए, वह हिंदी गानों की धुन पर अपने कदम मिलाती हुई नजर आईं।
गुबानोवा ने हिंदी गानों की ताल पर पूरी तरह से ताल मिलाते हुए कई स्पिन और जटिल फुटवर्क का प्रदर्शन किया। एक यादगार पल तब आया जब उन्होंने बीच में ही एक पंजाबी लोक नृत्य किया, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। गुबानोवा ने लाल बिंदी भी लगाई हुई थी, जो उनके चमकदार लाल और सुनहरे रंग के ड्रेस को और भी खूबसूरत बना रही थी।
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर खुशी जाहिर की और कई लोगों ने इस बात का जश्न मनाया कि बॉलीवुड म्यूजिक सीमाओं से परे जाकर वैश्विक मंचों पर अपनी जगह बना रहा है। कई प्रशंसकों ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। भारत ने इटली में आयोजित ओलंपिक्स में फिगर स्केटिंग के लिए किसी को नहीं भेजा, लेकिन जॉर्जिया का प्रतिनिधित्व कर रही रूसी अनास्तासिया गुबानोवा ने हिंदू संस्कृति और भारतीय संगीत को पेश किया। एक ने साझा किया, “अभी-अभी मिलान ओलंपिक्स में अनास्तासिया गुबानोवा को आइस स्केटिंग करते देखा - बिंदी और भारतीय संगीत के साथ - पूरी तरह से इंडियन माहौल।
एक ने लिखा धुरंधर का क्रेज इटली में होने वाले 2026 शीतकालीन ओलंपिक तक पहुंच गया है। रूसी फिगर स्केटर अनास्तासिया गुबानोवा ने लाल बिंदी लगाकर एक ऐसा प्रदर्शन किया, जिसमें भारतीय संस्कृति और संगीत को इस खेल के साथ खूबसूरती से पेश किया गया। एक अन्य ने लिखा, “वाह! धुरंधर का जादू अब वैश्विक हो गया है। रूसी फिगर स्केटर अनास्तासिया ने 'धुरंधर' के टाइटल ट्रैक पर डांस किया।”