Rhea Chakraborty: कई सालों तक रिया चक्रवर्ती का नाम सुर्खियों में रहा। जून 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद, रिया चक्रवर्ती को लोगों की कड़ी आलोचना और कानूनी लड़ाइयों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते वे पर्दे से दूर रहीं। अब, लगभग सात साल बाद, अभिनेत्री ने उस चीज़ के बारे में बात की जिसे उन्होंने कभी नहीं भुलाया - प्यार।
रिया फिल्म निर्माता हंसल मेहता की आगामी सीरीज़ से अभिनय में वापसी कर रही हैं। लेकिन सेट पर लौटने से पहले, उनका कहना है कि उन्हें इस बात को स्वीकार करना पड़ा कि उनका अभिनय करियर शायद खत्म हो गया है।
उन्होंने कहा, "अभिनय के इस सपने को छोड़ना, जिसके लिए मैंने एक दशक से अधिक समय तक मेहनत की थी, इसके लिए मुझे कई थेरेपी सेशन लेने पड़े। मुझे इसके बारे में सोचना बंद करना पड़ा क्योंकि मैं इसे हासिल नहीं कर सकती थी मुझे काम नहीं मिल रहा था।"
वह मानती हैं कि उन्होंने शुरू में इस प्रोजेक्ट को ठुकरा दिया था। रिया ने कहा कि हंसल सर और लेखक ने मुझसे पूछा कि मुझे क्या रोक रहा है। मैंने उन्हें बताया कि मैंने अभिनय छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यही तो मेरे लिए इसे करने का सबसे अच्छा कारण है. क्योंकि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं अच्छा करती हूं या नहीं। अब मुझे खुशी है कि मैंने हां कह दी, सेट पर आना एक अलग ही अनुभव था, पिछले सात सालों में मैंने बहुत कुछ जी लिया है। यह साइकिल चलाने जैसा है, जिसे आप कभी नहीं भूलते।”
काम के अलावा, रिया उन महिलाओं के बारे में बात करते हुए भावुक हो गईं, जिन्होंने उस समय उनका साथ दिया जब कई लोगों ने उनसे मुंह मोड़ लिया था। मेरी सहेलियों ने मुझे सच्ची दोस्ती का मतलब सिखाया है। बिना किसी कारण के प्यार पाना और अपनी जान-माल की बाजी दांव पर लगा देना अद्भुत है। रिया शिबानी दांडेकर को “बहन जैसी” बताती हैं।
रिया ने खुलासा किया कि सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन करने के कारण शिबानी को ब्रांड एंडोर्समेंट से हाथ धोना पड़ा, जिसके बारे में उन्हें बाद में पता चला। मैं शुक्रगुजार हूं कि मेरे जीवन में ऐसी महिलाएं हैं, जो एक-दूसरे का सहारा बनती हैं। एक तरफ मैंने इंसानों का सबसे बुरा रूप देखा, तो दूसरी तरफ मैंने मानवता का सबसे खूबसूरत पहलू भी अनुभव किया।
अपने जीवन में इतनी सारी मुश्किलों का सामना करने के बावजूद, रिया कहती हैं कि उन्होंने इमोशनल रूप से खुद को अलग-थलग नहीं किया है। थेरेपी ने मेरी जान बचाई… मैंने कसम खाई है कि ज़िंदगी मुझे कहीं भी ले जाए, मैं कभी निराश नहीं होऊंगी। मुझे अब भी प्यार पर विश्वास है, यह खूबसूरत है, शक्तिशाली है और प्यार ही हर समस्या का समाधान है। प्यार ही दुनिया को चलाता है।