Salman Khan: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हाल ही में फिल्म 'प्रेम कीटाणु' की थिएटर में रिलीज से पहले वीर पहाड़िया और फिल्म की टीम को सपोर्ट करने के लिए बाहर निकले। सुपरस्टार को एक थिएटर के बाहर देखा गया, जहां उन्होंने स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए अंदर जाने से पहले एक्टर अनूप सोनी से मुलाकात की।
हालांकि वेन्यू के बाहर सलमान का सामना एक ऐसे फैन से हुआ, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसर से घिरे होने के बावजूद एक यंग फैन अचानक उनकी तरफ भागा और उनके इतने करीब पहुंच गया कि उनका हाथ पकड़ लिया।
फैन एक्साइटमेंट में सलमान के पास जाने की कोशिश कर रहा था और सेल्फी लेने की उम्मीद में था। सलमान इस अचानक हुई हरकत से चौंक गए और उस आदमी की तरफ देखा, तभी उनकी सिक्योरिटी टीम तुरंत हरकत में आ गई। बाउंसर ने मजबूती से फैन का हाथ पकड़ा और उसे सलमान से दूर खींच लिया, जिससे एक्टर अनूप सोनी के साथ थिएटर की ओर बढ़ सके।
स्क्रीनिंग के लिए सलमान ने कैज़ुअल लेकिन स्टाइलिश लुक चुना। उन्होंने हल्के नीले रंग की शर्ट पहनी थी, जिसकी आस्तीनें ऊपर की ओर मुड़ी हुई थीं। साथ में सफेद ट्राउजर पहना था और डार्क सनग्लासेस, घड़ी और अपने सिग्नेचर ब्रेसलेट के साथ लुक को पूरा किया।
स्क्रीनिंग में उनका आना वीर पहाड़िया, पुराने दोस्त साजिद नाडियाडवाला और 'प्रेम कीताणु' की टीम के लिए सपोर्ट दिखाने जैसा था। थिएटर के अंदर सलमान को 'प्रेम कीटाणु' की टीम से मिलते हुए देखा गया, जिसमें वीर पहाड़िया और आफिया सैयद शामिल थे।
यह पहली बार नहीं है जब सलमान किसी ऐसे फैन की वजह से असहज स्थिति में फंसे हों। 2019 में फिल्म 'हम आपके हैं कौन..!' की 25वीं सालगिरह पर आयोजित एक स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान एक महिला फैन सिक्योरिटी पार करके सलमान के पास पहुंच गई और सेल्फी लेने की कोशिश करते हुए उनका हाथ पकड़ लिया था।
एक्टर चौंक गए और असहज दिखे, जबकि सिक्योरिटी ने बीच-बचाव किया और महिला को दूर हटाया। हाल ही में अप्रैल 2026 में एक आदमी एयरपोर्ट पर सलमान के पास आया और जब वे एक दूसरे युवा फैन से बात कर रहे थे, तो उसने एक्टर के कंधे पर हाथ रख दिया। सलमान की सिक्योरिटी टीम ने तुरंत उस आदमी को दूर हटाया, लेकिन फिर सलमान ने अपने सिक्योरिटी कर्मियों को शांत रहने का इशारा किया और उस युवा फैन से बातचीत जारी रखी।