Samantha Ruth Prabhu Baby Shower: सामंथा रूथ प्रभु अपने पति और फिल्म निर्माता राज निदिमोरु के साथ अपने पहले बच्चे के लिए तैयार हैं। अपनी प्रेग्नेंसी के तीसरे ट्राइमेस्टर में चल रहीं इस अभिनेत्री ने हाल ही में अपने परिवार के साथ एक पारंपरिक 'बेबी शॉवर' समारोह मनाया, जिसे 'सीमंतम' कहा जाता है।
सीमंतम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिन्हें देखकर प्रशंसक बहुत खुश हैं। तस्वीरों में सामंथा लाल रंग के कपड़ों में नजर आ रही हैं। वह राज और अपने ससुराल वालों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इस खास मौके का खिलखिलाती दिख रही हैं।
इस समारोह में दोनों परिवारों के लोग एक साथ इकट्ठा हुए और इस कपल को अपना आशीर्वाद दिया, जो जल्द ही अपने पहले बच्चे का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं। खबरों के अनुसार यह कपल दिसंबर 2026 में अपने बच्चे के आने की उम्मीद कर रहा है।
सामंथा रूथ प्रभु की ननद ने 'बेबी शॉवर' की वीडियो
सामंथा की ननद शीतल निदिमोरु ने इस पारंपरिक समारोह की कुछ झलकियां दिखाते हुए एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने इस जश्न और परिवार की परंपराओं के बारे में एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा। इस मौके का कितनी बेसब्री से इंतजार कर रही थीं इसे याद करते हुए शीतल ने लिखा- "'हम ऐसा कब कर सकते हैं बेबी?' मैं अपने भैया से काफी समय से यही पूछ रही थी और आखिरकार वह समय आ ही गया।"
उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्य इस जश्न में शामिल होने के लिए अलग-अलग जगहों से आए थे। उन्होंने लिखा- "हमारी पिन्नम्मा और पेद्दम्मा (चाचियां/बड़ी माएं), जिन्होंने हमें बड़ा करने में मदद की थी, 'मातृ शिशु मंगला आशीर्वादम' के लिए दूर-दूर से आईं। वे सैम और उस नन्हे मेहमान को आशीर्वाद देने आईं, जो पहले से ही हमारे दिलों पर राज कर रहा है और जल्द ही हमारे पूरे परिवार पर छा जाएगा।"
उन्होंने आगे बताया कि कैसे इस समारोह के दौरान परिवार की पुरानी परंपराएं फिर से जीवंत हो उठीं। "मैंने अपनी चाचियों में इन परंपराओं को फिर से जीवित होते देखा। वे अपने परिवारों को पीछे छोड़कर यहां आई थीं और एक बार फिर सब साथ थीं मंत्र जपते हुए, भजन गाते हुए, सहेलियों की तरह हंसते-खिलखिलाते हुए और मुझ पर व मेरे भाई पर खूब प्यार लुटाते हुए। इस बार सैम और आने वाले बच्चे को भी वह सारा प्यार और स्नेह मिल रहा है।"
सामंथा की गोद भराई (बेबी शॉवर) रस्म की जानकारी
इस रस्म के दौरान किए गए अनुष्ठानों के बारे में बताते हुए- शीतल ने बताया कि परिवार ने 'श्री सूक्तम' और 'गायत्री देवी होमम' का आयोजन किया। उन्होंने 21 बार गायत्री मंत्र का जाप किया और अपनी पारंपरिक पारिवारिक प्रार्थनाएं भी कीं।
उन्होंने यह भी बताया कि सामंथा और होने वाले बच्चे के लिए एक खास गाना तैयार किया गया था। पद्म श्री शोभा राजू पिन्नम्मा ने इसे बहुत प्यार और थोड़ी शरारत के साथ तैयार किया। मैंने इसे गाया पद्म श्री विदुषी सुमित्रा गुहा पेद्दम्मा ने इसमें अपने खूबसूरत राग जोड़े, नीरू आंटी ने मेरा साथ दिया और अम्मा व उषा आंटी ने कोरस (समूह गान) में हमारा साथ दिया।
अपने बच्चे के आने से पहले इस कपल द्वारा आयोजित किया गया यह कोई पहला निजी समारोह नहीं है। सितंबर 2026 में सामंथा ने कोयंबटूर के ईशा योग केंद्र में आयोजित एक 'बेबी शॉवर' (गोद भराई) समारोह में भी हिस्सा लिया था। यह समारोह श्रीविद्या परंपराओं के अनुसार आयोजित किया गया था, जिसमें एक 'श्रीविद्या उपासक' के मार्गदर्शन में 'कला आवरण' और 'श्री चक्र' से जुड़ी रीतियां निभाई गईं। यह जगह इस कपल के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि दिसंबर 2025 में सामंथा और राज की शादी यहीं लिंग भैरवी मंदिर में हुई थी।