फिल्म: काली खेती
फिल्म: काली खेती
निर्देशक: हारिस इम्तियाज खान
कलाकार: जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और स्पंदन
रेटिंग: 3/5
Kaali Kheti Review: हॉरर फिल्म देखते समय सबसे ज्यादा मजा तब आता है, जब आपको कहानी का अगला मोड़ समझ न आए। आप एक अंदाजा लगाएं और फिल्म कुछ ऐसा दिखा दे, जिसकी आपने उम्मीद ही न की हो। 'काली खेती' इसी तरह का एक्सपीरिएंस देने की कोशिश करती है। यह फिल्म अपने नाम और कहानी दोनों से उत्सुकता पैदा करती है। सबसे खास बात इसका गांव हॉरर कॉन्सेप्ट है, जो इसे बॉलीवुड की बाकी हॉरर फिल्मों से अलग बनाता है।
फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी रोहित (शरद केलकर), उसकी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) से जुड़ी है। रोहित अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। लेकिन वहां पहुंचने के बाद किशन को कुछ ऐसी बातें महसूस होने लगती हैं, जो सामान्य नहीं हैं। रोहित का बार-बार नई खेती का जिक्र करना भी कहानी में कई सवाल खड़े करता है। आखिर इस खेती के पीछे क्या है? गांव में ऐसा क्या हो रहा है? फिल्म इन्हीं सवालों के जरिए अपना सस्पेंस तैयार करती है।
कलाकारों को काम
एक्टिंग की बात करें तो जैकी श्रॉफ बाजी मार लेते हैं। उनका किरदार कई तरह के इमोशन्स से गुजरता है और वह हर शेड को काफी सहजता से निभाते हैं। फिल्म में जैकी का किरदार सिर्फ मजबूत नहीं, बल्कि कई जगह कमजोर और संवेदनशील भी नजर आता है। यही बात उनकी परफॉर्मेंस को और खास बनाती है।
शरद केलकर ने भी अच्छा काम किया है। उनका शांत और कंट्रोल्ड अंदाज कहानी के मिजाज के साथ जाता है। नेहा सरगम ने राधा के किरदार को अच्छी तरह निभाया है। शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है। वहीं, स्पंदन का अभिनय सहज है और वह कहानी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं।
फिल्म का निर्देशन
अब बात करते हैं फिल्म के सबसे बड़े सरप्राइज की। हारिस इम्तियाज खान ने महज 25 साल की उम्र में बतौर डायरेक्टर अपनी शुरुआत की है। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म की स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स भी लिखे हैं। एक नए फिल्ममेकर के लिए इस तरह का अलग कॉन्सेप्ट चुनना और उसे पर्दे पर उतारना बड़ी बात है। फिल्म में उनका विजन साफ दिखाई देता है। कई जगह उनका डायरेक्शन काफी प्रभावशाली लगता है और यह महसूस नहीं होता कि वह अपनी पहली फिल्म बना रहे हैं। हारिस का यह डेब्यू निश्चित तौर पर तारीफ के काबिल है।
सिनेमैटोग्राफी
फिल्म का टेक्निकल डिपार्टमेंट भी अच्छा काम करता है। सिनेमैटोग्राफी गांव के माहौल को खूबसूरती से दिखाती है और कई दृश्यों में डर का एहसास बढ़ाती है। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन फिल्म के सस्पेंस को मजबूत करते हैं। वीएफएक्स का काम भी बजट के हिसाब से अच्छा है। खास तौर पर डीओपी और बीजीएम टीम का काम सराहनीय है। हालांकि फिल्म की एडिटिंग थोड़ी और बेहतर हो सकती थी। कुछ सीन्स लंबे लगते हैं और कहानी की रफ्तार बीच में धीमी पड़ जाती है। थोड़ी क्रिस्प एडिटिंग इसे और बेहतर बना सकती थी।
फाइनल वर्डिक्ट
'काली खेती' एक ऐसी हॉरर फिल्म है, जो अपने कॉन्सेप्ट के दम पर अलग पहचान बनाने की कोशिश करती है। जैकी श्रॉफ की शानदार परफॉर्मेंस, शरद केलकर का अच्छा अभिनय और हारिस इम्तियाज खान का दमदार डेब्यू इसकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। कुछ छोटी कमियों के बावजूद फिल्म एक अच्छा थिएट्रिकल एक्सपीरियंस देती है। अगर आप हॉरर के शौकीन हैं और इस बार कुछ नया देखना चाहते हैं तो 'काली खेती' को सिनेमाघरों में जरूर मौका दें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।