हाल ही में रिलीज हुए गाने 'सरके चुनर' को लेकर उपजा विवाद अब माफीनामे तक पहुंच गया है। गाने के बोलों को 'अश्लील' और 'मर्यादाहीन' बताए जाने के बाद चारों तरफ से हो रही आलोचनाओं को देखते हुए, इसकी मुख्य गायिका और मशहूर तेलुगु लोक कलाकार मंगली ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गाने का मौजूदा संस्करण सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और जल्द ही इसके बोल बदलकर नया वर्जन जारी किया जाएगा।
भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था इरादा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए मंगली ने लिखा कि उनका या उनकी टीम का मकसद कभी भी किसी की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा, "जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए हमने इस गाने को हटा लिया है। अनजाने में हुई इस बड़ी चूक के लिए मैं आप सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूँ। हमें इस बात का गहरा खेद है कि हमारी एक कोशिश से लोगों को दुख पहुँचा।"
नोरा फतेही और रकीब आलम ने झाड़ा पल्ला
हैरानी की बात यह है कि इस गाने के वीडियो में नजर आने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही और इसके हिंदी गीतकार रकीब आलम ने खुद को इस विवाद से पूरी तरह अलग कर लिया है। नोरा फतेही ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने इस गाने का कन्नड़ वर्जन तीन साल पहले शूट किया था। जब उन्होंने इसका हिंदी रूपांतरण सुना, तो उन्हें भी इसके बोलों पर आपत्ति हुई थी और उन्होंने निर्माताओं को पहले ही इस बारे में चेतावनी दी थी।
वहीं, गीतकार रकीब आलम का कहना है कि उन्होंने फिल्म निर्माताओं को आगाह किया था कि हिंदी अनुवाद काफी अश्लील लग रहा है। उन्होंने बताया, "मुझसे केवल कन्नड़ बोलों का शाब्दिक अनुवाद (Literal Translation) करने को कहा गया था, जो मैंने किया। मूल कन्नड़ गीत फिल्म के निर्देशक प्रेम द्वारा लिखे गए थे।"
'सरके चुनर' का हिंदी संस्करण इस सप्ताह की शुरुआत में रिलीज हुआ था। रिलीज होते ही इसके बोलों को लेकर लोगों ने आपत्ति दर्ज करानी शुरू कर दी। आलोचकों का तर्क था कि लोक संगीत के नाम पर इस तरह की अश्लीलता परोसना स्वीकार्य नहीं है। अब गायिका की माफी और बोल बदलने के आश्वासन के बाद उम्मीद की जा रही है कि यह विवाद शांत होगा।