रणवीर सिंह की धुरंधर और सनी देओल की बॉर्डर 2 के बाद अब दर्शकों की नजरें शाहिद कपूर की आने वाली एक्शन ड्रामा फिल्म ‘ओ रोमियो’ पर टिकी हैं। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। शाहिद कपूर इस बार एक बिल्कुल नए और अलग अंदाज में बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का टीजर और ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसके चर्चे तेज हैं। दमदार एक्शन, गंभीर कहानी और सशक्त किरदारों के चलते ‘ओ रोमियो’ को इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है।
खास बात यह भी है कि विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर की यह जोड़ी पहले भी दर्शकों को यादगार फिल्में दे चुकी है। ऐसे में दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं और रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
एडवांस बुकिंग में दिखा ट्रेलर वाला क्रेज
‘ओ रोमियो’ की एडवांस बुकिंग 10 फरवरी 2026 से देशभर में शुरू हुई थी। ट्रेलर रिलीज के वक्त जिस तरह का क्रेज देखने को मिला था, वही दीवानगी टिकट खिड़कियों पर भी नजर आई। रिलीज से पहले ही फिल्म ने मेकर्स की झोली भरनी शुरू कर दी है।
दो दिनों में बिकी 50 हजार से ज्यादा टिकट
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी और नाना पाटेकर स्टारर इस मल्टीस्टारर फिल्म के अब तक करीब 50,361 टिकट बिक चुके हैं। फिल्म को फिलहाल 8,365 शोज मिले हैं।
एडवांस बुकिंग कलेक्शन ने पार किया 1 करोड़
50 हजार से ज्यादा टिकट बिकने के साथ ‘ओ रोमियो’ का एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन 1.18 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। माना जा रहा है कि रिलीज से पहले यह आंकड़ा 2 करोड़ के करीब जा सकता है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म पहले दिन 10 से 15 करोड़ रुपये की ओपनिंग ले सकती है।
गैंगस्टर ‘उस्तरा’ बनकर छाएंगे शाहिद
फिल्म में शाहिद कपूर ‘उस्तरा’ नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो 80–90 के दशक के कुख्यात गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ हुसैन उस्तरा से प्रेरित बताया जा रहा है। शाहिद यहां एक कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका में हैं, जिनका गुस्सैल स्वभाव और टैटू भरा लुक फिल्म की बड़ी यूएसपी माना जा रहा है।
विशाल-शाहिद की चौथी जोड़ी
‘ओ रोमियो’ विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर की साथ में चौथी फिल्म है। इससे पहले दोनों कमीने, हैदर और रंगून जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म 13 फरवरी को, वैलेंटाइन डे से ठीक एक दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी।