श्रद्धा कपूर की लोकप्रियता आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है। वो भले ही साल में चुनिंदा फिल्में ही करती हों, लेकिन जब भी बड़े प्रोजेक्ट्स की बात होती है, तो उनका नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। इंडस्ट्री में उनकी मजबूत पकड़ और जबरदस्त फैन फॉलोइंग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यही वजह है कि उनकी फीस को लेकर भी अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं। दिलचस्प बात ये है कि इस मुद्दे पर कोई बाहरी शख्स नहीं, बल्कि उनके पिता और दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर ने खुलकर बयान दिया है।
शक्ति कपूर के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया से लेकर फिल्मी गलियारों तक श्रद्धा कपूर की फीस और डिमांड को लेकर बहस तेज हो गई है। उनके बयान ने एक बार फिर ये साबित कर दिया है कि श्रद्धा न सिर्फ टैलेंट के दम पर बल्कि अपनी पॉपुलैरिटी और समझदारी भरे फिल्म चयन के कारण भी इंडस्ट्री में खास मुकाम रखती हैं।
आलिया और अनन्या से ज्यादा फीस का दावा
शक्ति कपूर ने ‘द पावरफुल ह्यूमन्स’ पॉडकास्ट में खुलासा किया कि श्रद्धा बहुत सोच-समझकर फिल्में चुनती हैं। उनके मुताबिक, श्रद्धा कम प्रोजेक्ट्स करती हैं, लेकिन बेहतरीन स्क्रिप्ट्स का चयन करती हैं और इसी कारण वो दूसरी एक्ट्रेसेस की तुलना में ज्यादा फीस लेती हैं। बातचीत के दौरान शक्ति कपूर ने आलिया भट्ट और अनन्या पांडे का नाम लेते हुए कहा कि श्रद्धा इन दोनों से भी ज्यादा फीस चार्ज करती हैं।
काम नहीं मिल रहा? अफवाहों पर हंसी
पॉडकास्ट के दौरान जब श्रद्धा को काम न मिलने की अफवाहों का जिक्र हुआ, तो शक्ति कपूर हंस पड़े। उन्होंने साफ कहा कि श्रद्धा को काम की कोई कमी नहीं है। उनकी डिमांड काफी ज्यादा है, लेकिन वो अपनी मर्जी से साल में सिर्फ एक या दो फिल्में ही करती हैं।
जिद्दी लेकिन अपने उसूलों पर अडिग
श्रद्धा की पर्सनैलिटी पर बात करते हुए शक्ति कपूर ने उन्हें ‘जिद्दी’ बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा वही करती हैं जो उनका दिल कहता है। उनके अपने उसूल हैं और वह उन्हीं के मुताबिक फैसले लेती हैं। शक्ति कपूर ने ये भी बताया कि पिता-बेटी के रिश्ते में कभी नोकझोंक होती है, तो कभी साथ छुट्टियों की प्लानिंग और फिल्मों पर चर्चा। उन्होंने कहा कि उन्हें श्रद्धा पर गर्व है, क्योंकि वो एक शानदार परफॉर्मर और बेहतरीन एक्ट्रेस हैं।
सोशल मीडिया पर भी सुपरस्टार
श्रद्धा कपूर सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी बड़ा नाम हैं। वह विराट कोहली के बाद इंस्टाग्राम पर दूसरी सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली भारतीय हस्ती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 94.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जिससे वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा से भी आगे हैं।