Saina Nehwal: बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने एक बार फिर अपनी 2021 में रिलीज़ हुई बायोपिक 'साइना' को लेकर चल रही चर्चा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिका निभाई है। अमोल गुप्ते द्वारा निर्देशित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन पिछले महीने ऑनलाइन तब चर्चा में आई जब प्रशंसकों ने देखा कि परिणीति ने इंस्टाग्राम पर साइना को अनफॉलो कर दिया है।
साइना ने पहले इस मामले को हल्के में लेते हुए कहा था कि उन्हें इसके बारे में पता नहीं था और उन्होंने मान लिया था कि फिल्म रिलीज होने के बाद परिणीति मूव ऑन कर चुकी हैं। पत्रकार विक्की लालवानी के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि उनके मन में कोई द्वेष नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता था कि उन्होंने मुझे अनफॉलो कर दिया है। शायद वह काम पर ध्यान केंद्रित कर रही थीं, और फिल्म पूरी होने के बाद वह अपने अगले प्रोजेक्ट पर चली गईं।
साइना ने परिणीति के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि भले ही वे अच्छी दोस्त नहीं बन पाईं, लेकिन उन्होंने बारीकियों पर ध्यान देने के लिए अभिनेत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, "दोस्ती के लिए एक साथ काफी समय बिताना जरूरी होता है, लेकिन फिल्म को जल्दी रिलीज करना था, इसलिए हमारे पास उतना समय नहीं था। हम हर दिन नहीं मिल पाते थे।
साइना ने आगे कहा- मैंने उसे गेम सिखाने में मदद की – सर्व कैसे करें, कोर्ट पर मूवमेंट, फोरहैंड और बैकहैंड। उसने शायद मेरे व्यवहार और बोलने के तरीके को भी देखा होगा ताकि वह उसे स्क्रीन पर दिखा सके। उसने बहुत मेहनत की और बेहद शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म देखते हुए मैं भावुक भी हो गई ।
जब साइना से पूछा गया कि अगर उनकी बायोपिक दोबारा बनती है तो वह किसे चुनेंगी, तो उन्होंने तुरंत श्रद्धा कपूर का नाम लिया। दरअसल, बीमारी के कारण प्रोजेक्ट से हटने से पहले श्रद्धा कपूर ही साइना की पहली पसंद थीं। श्रद्धा के बारे में बात करते हुए साइना ने कहा, “हम अभी भी संपर्क में हैं और मैं उनसे कई बार मिल चुकी हूं। वह बहुत प्यारी लड़की हैं। उन्होंने फिल्म करने के लिए हामी भर दी थी, लेकिन डेंगू के कारण उन्हें फिल्म छोड़नी पड़ी।”
फिर से चर्चा शुरू होने के बावजूद, साइना का कहना है कि दोनों अभिनेत्रियों ने अपने-अपने तरीके से कड़ी मेहनत की, परिणीति ने उनकी कहानी को पर्दे पर जीवंत कर दिया और श्रद्धा इस भूमिका के लिए उनकी पसंदीदा अभिनेत्री रहीं। इस बीच परी ने सोशल मीडिया पर चल रही इस चर्चा पर कोई कमेंट नहीं किया है।