Sunil Thapa Passes Away: नेपाल के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की आयु में काठमांडू, नेपाल में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। 4 दशक से अधिक के करियर और 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय के साथ, वे नेपाली सिनेमा का बड़ा नाम था। उन्होंने कई भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया, जिनमें प्रियंका चोपड़ा अभिनीत 'मैरी कॉम' भी शामिल है, जिसमें वे एक कोच की भूमिका में नजर आए थे।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था और सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी से उनके निधन की पुष्टि हुई। डॉक्टरों का मानना है कि दिल का दौरा पड़ना ही मौत का कारण हैं, हालांकि आधिकारिक चिकित्सा रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
अस्पताल के एक सूत्र ने पोस्ट को बताया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो वे बेहोश थे। तुरंत ईसीजी किया गया, जिससे उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। नेपाल के डांग में जन्मे सुनील थापा का चार दशकों से अधिक का असाधारण करियर रहा। उन्होंने 40 से अधिक वर्षों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में व्यापक रूप से काम किया और 300 से अधिक नेपाली फिल्मों में अभिनय किया। उन्हें सबसे ज्यादा ‘चीनो’ फिल्म में ‘राते कैला’ के किरदार के लिए जाना जाता था, जिसने उन्हें फिल्म उद्योग के सबसे कतरनाक खलनायकों में से एक के रूप में स्थापित किया।
फिल्मों में कदम रखने से पहले, सुनील थापा ने 1970 के दशक के मध्य में मुंबई में एक मॉडल के रूप में अपना करियर शुरू किया। उन्होंने 1981 में हिंदी फिल्म 'एक दूजे के लिए' से फिल्म उद्योग में प्रवेश किया और उसके बाद 'आज की आवाज़', 'मानव हत्या', 'अलबेला' जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया।
उन्होंने 2014 में आई बॉलीवुड फिल्म 'मैरी कॉम' में भी काम किया, जिसमें प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में थीं और वे उनके कोच नरजीत सिंह के किरदार में नजर आए थे। उन्होंने 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीज़न में भी छोटी भूमिका निभाई, जिसमें उन्होंने नागालैंड के एक सम्मानित नेता और एमसीए प्रमुख 'डेविड खुज़ौ' का किरदार निभाया था। उनकी कुछ उल्लेखनीय नेपाली फिल्मों में 'चीनो', 'देउकी', 'थुलदाई', 'यो माया को सागर', 'प्रेम गीत 3' आदि शामिल हैं। अभिनय के अलावा, सुनील थापा ने एवरेस्ट फिल्म अकादमी के अध्यक्ष के रूप में भी फिल्म जगत में योगदान दिया।