क्रिसमस के जश्न के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, जहां रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने 22वें दिन भी कमाल कर दिया। कार्तिक आर्यन-अनन्या पांडे की नई रोमांटिक कॉमेडी 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' और हॉलीवुड की 'एनाकोंडा' क्रिसमस पर रिलीज हुईं, लेकिन दोनों ही उम्मीदों से कोसों दूर रहीं। दूसरी तरफ, जेम्स कैमरून की 'अवतार: फायर एंड ऐश' ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। शुक्रवार 26 दिसंबर के कलेक्शन ने साफ बता दिया कि दर्शक पुरानी हीरो को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
शुक्रवार को'धुरंधर' का जलवा बरकरार रहा। आदित्य धर निर्देशित इस स्पाई थ्रिलर ने रिलीज के चौथे शुक्रवार को 15 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की, जिससे 22 दिनों का भारत कुल 648.50 करोड़ हो गया। वर्ल्डवाइड तो यह फिल्म 1000 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और अर्जुन रामपाल की स्टार कास्ट ने दर्शकों को बांधे रखा। तीसरे हफ्ते में भी इसका कलेक्शन सॉलिड रहा, जो वर्ड ऑफ माउथ की ताकत दिखाता है।
नई रिलीज 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' को बॉक्स ऑफिस पर निराश मिली। कार्तिक-अनन्या की जोड़ी पर बनी इस फिल्म ने पहले दिन 7.50 करोड़ कमाए, लेकिन शुक्रवार को गिरावट के साथ सिर्फ 5 करोड़ का कलेक्शन किया। दो दिनों का कुल अब 12.75 करोड़ ही हो पाया। प्रचार की चमक के बावजूद कहानी दर्शकों को बांध न पाई। हॉलीवुड की 'एनाकोंडा' की और भी बुरी हालत हुई और पहले दिन 1.60 करोड़ और शुक्रवार को 80 लाख कमाए। इस फिल्म का कुल कलेक्शन 2.40 करोड़ हुआ।
'अवतार: फायर एंड ऐश' ने आठवें दिन 7.50 करोड़ जोड़े और इस फिल्म का कलेक्शन 117 करोड़ हुआ। एक हफ्ते में 109.5 करोड़ का सफर तय कर चुकी ये फिल्म विजुअल इफेक्ट्स से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। बॉक्स ऑफिस की ये जंग बताती है कि कंटेंट ही राजा है।