बाहुबली स्टार प्रभास की हर नई फिल्म से दर्शकों और फैन्स को बड़ी उम्मीदें रहती हैं। उनके फैन्स को लगता है कि प्रभास की फिल्में हमेशा धमाकेदार होंगी, लेकिन इस बार ऐसा लग रहा है कि उनकी फिल्म चॉइस थोड़ी हल्की पड़ गई है। "द राजा साब" इसी बात का उदाहरण बन गई है। फिल्म रिलीज हुए 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई केवल 140 करोड़ रुपये तक ही सीमित रही है। खासकर दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में तेज गिरावट देखने को मिली है और थिएटरों में दर्शकों की दिलचस्पी लगातार कम होती जा रही है।
शुरुआती सुर्खियों और प्रभास की स्टार पावर के बावजूद फिल्म को दर्शकों का उतना समर्थन नहीं मिला, जितना उम्मीद की जा रही थी। ये स्थिति साफ दिखाती है कि "द राजा साब" बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल कर रही है।
फिल्म ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 11वें दिन यानी सोमवार को फिल्म ने सभी भाषाओं में मिलाकर लगभग 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले 10वें दिन यानी रविवार को फिल्म ने करीब 2.6 करोड़ और 9वें दिन 3 करोड़ रुपये कमाए थे। कुल मिलाकर 10 दिनों के बाद फिल्म का कलेक्शन 139.35 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था। 11वें दिन जोड़ने के बाद कुल कमाई 140.50 करोड़ रुपये हो गई। इससे साफ है कि फिल्म की कमाई में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल रही है।
हिंदी दर्शकों में सबसे कम ओक्यूपेंसी
थिएटरों में फिल्म की ऑक्यूपेंसी अब भी बेहद कम है। तेलुगु भाषाओं में कुल शोज में ऑक्यूपेंसी लगभग 20.04% रही। सुबह के शो में 18.80%, दोपहर में 18.50%, शाम में 21.28% और रात में 21.59% रही। वहीं, हिंदी भाषी दर्शकों में हालात और खराब हैं, जहां कुल ऑक्यूपेंसी सिर्फ 6.43% रही। सुबह 4.73%, दोपहर 7.03%, शाम 6.39% और रात 7.55% ही टिकट बुक हुए। ये दर्शाता है कि हिंदी मार्केट में फिल्म को कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा।
स्टार पावर और प्रचार भी नहीं चला काम
मारुति के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में प्रभास लीड रोल में हैं। इसके अलावा संजय दत्त अहम किरदार निभाते नजर आते हैं, जबकि मलविका मोहनन और निधि अग्रवाल फीमेल लीड रोल में हैं। रिलीज से पहले प्रभास की स्टार पावर और हॉरर-कॉमेडी जॉनर के चलते फिल्म को खूब सुर्खियां मिलीं। लेकिन, रिलीज के बाद दर्शकों ने इसे उतना पसंद नहीं किया, जितनी उम्मीद थी।
दर्शकों का इंट्रेस्ट धीरे-धीरे घटा
रिलीज के शुरुआती दिन दर्शक थोड़े उत्साहित थे, लेकिन अब थिएटर में ऑक्यूपेंसी गिर रही है। ऐसा लगता है कि फिल्म को लेकर दर्शकों का इंट्रेस्ट खत्म हो गया है। अब तक के आंकड़े ये साफ दिखाते हैं कि "द राजा साब" बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल कर रही है और अगले कुछ दिनों में इसकी कमाई में और गिरावट संभव है।