मशहूर गायिका नेहा कक्कड़ इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी भावुक पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। सोमवार को उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जिम्मेदारियों, रिश्तों और काम से ब्रेक लेने की बात कही, जिसके बाद तलाक की अफवाहें जोर पकड़ने लगीं। लेकिन जल्द ही उन्होंने खुद सफाई देते हुए साफ कर दिया कि उनका वैवाहिक जीवन पूरी तरह ठीक है और पति रोहनप्रीत सिंह व परिवार को इस मामले में न घसीटें।
नेहा ने सबसे पहले अपनी स्टोरी में लिखा, "जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और जो भी अभी दिमाग में आ रहा है, उससे ब्रेक लेने का समय आ गया है। पता नहीं लौटूंगी या नहीं। थैंक यू।" इसके साथ ही उन्होंने पापराजी और फैंस से गुजारिश की कि उन्हें कैमरे में न उतारें और प्राइवेसी दें। लेकिन ये पोस्ट्स कुछ ही मिनटों में डिलीट हो गईं, जिससे अफवाहें और तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर लोग उनके पति रोहनप्रीत के साथ रिश्ते पर सवाल उठाने लगे, क्योंकि दंपति ने 2020 में शादी की थी और अक्सर प्यार भरी तस्वीरें शेयर करते रहे हैंl
बाद में नेहा ने फिर स्टोरीज पर आकर विस्तार से सफाई दी। उन्होंने लिखा, "गाइज, प्लीज मेरे मासूम पति या सबसे प्यारे परिवार को इस सबमें मत घसीटो। वे सबसे सच्चे लोग हैं और आज जो कुछ हूं, वो उनके सपोर्ट की वजह से हूं। कुछ लोग और सिस्टम से दुखी हूं। उम्मीद है समझ जाओगे। हां, सोशल मीडिया पर इतना इमोशनल नहीं होना चाहिए था, क्योंकि मीडिया वाले अच्छे से जानते हैं कि 'राई का पहाड़ कैसे बनाया जाता है'। सबक मिल गया।" उन्होंने आगे कहा, "अब से पर्सनल लाइफ के बारे में नहीं बोलूंगी भाईसाहब! बेचारी इमोशनल नेहू इस दुनिया के लिए बहुत इमोशनल है। सॉरी और थैंक यू माय नेहर्ट्स। चिंता मत करो, जल्द धमाकेदार कमबैक करूंगी। ढेर सारा प्यार।"
ये पहला मौका नहीं जब नेहा की भावुकता ने हंगामा मचा दिया। 'आंख मारे', 'दिलबर', 'हौली हौली' और 'मोरनी बनके' जैसे हिट गानों से बॉलीवुड में छाईं नेहा म्यूजिक रियलिटी शोज की जज भी रह चुकी हैं। फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ये साफ है कि उनका गुस्सा कुछ बाहरी लोगों और सिस्टम पर है, न कि घर-परिवार पर है। नेहा का ये खुलासा अफवाहों पर पूर्णविराम लगाता है और उनके मजबूत रिश्ते की मिसाल पेश करता है।
नेहा और रोहनप्रीत की शादी अक्टूबर 2020 में हुई थी। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरों और वीडियोज़ के जरिए प्यार का इज़हार करते रहे हैं। यही वजह है कि अचानक आई इन अफवाहों ने फैंस को चौंका दिया। लेकिन नेहा ने साफ कर दिया कि उनका रिश्ता मजबूत है और वह सिर्फ खुद को समय देना चाहती हैं।