अगर आप भी बिग बॉस देखते हैं और इस रियलिटी शो के फैन हैं तो आप भी उस की रहस्यमय और पहचानने लायक आवाज से अनजान नहीं होंगे जो प्रतियोगियों से बात करती है, उन्हें सलाह देती है, हिदायत देती है और शो के माहौल को जीवंत बनाती है। अब फैंस हर सीजन में यह जानना चाहते हैं कि यह आवाज किसकी है? तो आपको बता दें कि यह आवाज है विजय विक्रम सिंह की, जो बिग बॉस के कई सीजन का नरेटर रह चुके हैं और शो के रंग-बिरंगे कॉन्ट्रोवर्सी में जान डालते हैं।
कानपुर में जन्मे विजय ने 29 साल की उम्र में वॉइस-ओवर आर्टिस्ट के तौर पर करियर शुरू किया। मुंबई में एक सेमी-गवर्नमेंट कंपनी में काम करते हुए उन्होंने अपनी गहरी और प्रभावशाली आवाज की ताकत को पहचाना और 2007 में उन्होंने अपना कॉर्पोरेट जॉब छोड़कर पूरी तरह वॉइस-ओवर की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने रेडियो जॉब के साथ साथ छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स के लिए आवाज दी और धीरे-धीरे उन्होंने डांस इंडिया डांस जैसे बड़े रियलिटी शो के लिए वॉइसओवर करना शुरू किया।
विजय विक्रम सिंह 2009 से बिग बॉस के लिए आवाज दे रहे हैं, जबकि 2010 में उन्हें पहली बार इस शो का ऑफर मिला। इतना ही नहीं, उन्होंने ‘द फैमिली मैन’ वेब सीरीज और ‘वार 2’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है, जहां उन्होंने अपनी एक्टिंग की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उनका दिन आमतौर पर मुंबई के फिल्म सिटी में आठ घंटे बिग बॉस के लिए वॉइस रिकॉर्डिंग में गुजरता है, जहां वे शो के हर पहलू को आवाज देकर जीवंत बनाते हैं। विजय ने बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट जगह बनाई है और उन्होंने कई अन्य टीवी शोज, विज्ञापनों और रेडियो प्रोग्रामों के लिए भी आवाज दी है।
बिग बॉस 19 के नए सीजन के लिए लोग बेहद उत्साहित हैं, और विजय की आवाज ने हमेशा शो का रोमांच बनाए रखा है। इस सीजन का थीम पॉलिटिक्स है, इसलिए अपेक्षित है कि ड्रामा और कॉन्ट्रोवर्सी की कोई कमी नहीं रहने वाली है। विजय के बिना बिग बॉस का मजा अधूरा लगता है, क्योंकि उनकी आवाज शो को उस खास पहचान देती है जो फैंस को हर हफ्ते टीवी से बांधे रखती है। बस अब फैंस को कुछ ही मिनटों का इंतजार करना है और फिर से उनका फेवरेट शो स्ट्रीम होगा।