Dalai Lama wins Grammy: तिब्बती नेता दलाई लामा ने स्पोकन-वर्ड एल्बम के लिए अपने नाम किया ग्रैमी

Dalai Lama wins Grammy: ग्रैमी 2026 में इस बार अनोखा माहौल देखने को मिला। तिब्बती नेता दलाई लामा ने इस बार ग्रैमी में सिर्फ एंट्री ही नहीं की बल्कि अवॉर्ड को अपने नाम किया।

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 10:43 AM
Story continues below Advertisement
तिब्बती नेता दलाई लामा ने स्पोकन-वर्ड एल्बम के लिए जीता ग्रैमी

Dalai Lama wins Grammy: 90 साल की उम्र में तिब्बती आध्यात्मिक नेता ने अपने स्पोकन-वर्ड एल्बम 'मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' के लिए अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता है। इस एल्बम ने 1 फरवरी, 2026 को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आयोजित 68वें ग्रैमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ ऑडियो बुक, नरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग की कैटागरी में जीत हासिल की।

इस कैटागरी में अन्य नामांकित व्यक्तियों में कैथी गार्वर (एल्विस, रॉकी एंड मी: द कैरोल कॉनर्स स्टोरी), ट्रेवर नोआ (इनटू द अनकट ग्रास), केतनजी ब्राउन जैक्सन (लवली वन: ए मेमोइर) और फैब मोरवन (यू नो इट्स ट्रू: द रियल स्टोरी ऑफ मिली वैनिली) शामिल थे।

दलाई लामा ने सरोद वादक अमजद अली खान और उनके बेटों, अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के साथ मिलकर इस एल्बम को तैयार किया था, जिसमें शांति, करुणा, दया और आशा के सार्वभौमिक मूल्यों का जश्न मनाने के लिए बोलचाल और संगीत मिक्स किया गया था।


दलाई लामा 68वें ग्रैमी पुरस्कारों में फिल्म निर्माता स्टीवन स्पीलबर्ग सहित अन्य पहली बार पुरस्कार जीतने वालों में शामिल हुए। पुरस्कार मिलने पर दलाई लामा ने कहा, “मैं इस सम्मान को विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इसे व्यक्तिगत नहीं, बल्कि हमारी साझा सार्वभौमिक जिम्मेदारी की पहचान मानता हूं। मेरा विश्वास है कि शांति, करुणा, पर्यावरण की देखभाल और मानवता की एकता की समझ आठ अरब मनुष्यों के सामूहिक कल्याण के लिए आवश्यक है। मैं आभारी हूं कि ग्रैमी पुरस्कार की यह मान्यता इन संदेशों को और अधिक व्यापक रूप से फैलाने में मदद कर सकती है।”

संगीतकार रूफस वेनराइट ने समारोह के दौरान दलाई लामा की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। एल्बम के बारे में दलाई लामा के कार्यालय के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि“इसमें दलाई लामा के करुणा, शांति, मानवता की एकता और पर्यावरण पर दिए गए विभिन्न प्रवचनों से लिए गए प्रमुख संदेशों का उपयोग किया गया है।

नामांकन के ऐलान के समय अमजद अली खान ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “हमारा एल्बम, 'मेडिटेशन: रिफ्लेक्शन ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा', हमारे दिल के बेहद करीब है। इसमें उनके ज्ञान को मौलिक संगीत के साथ पिरोया गया है, जो चिंतन, शांति और करुणा को प्रेरित करता है। जीवन भर हम उनकी शिक्षाओं से प्रेरित रहे हैं और इस सहयोग ने हमें कुछ ऐसा रचने का अवसर दिया है जो उनके शांति और आशा के संदेश को एक नए ढंग से प्रस्तुत करता है।”

उन्होंने आगे कहा, “दलाई लामा के साथ काम करना सौभाग्य की बात थी। हम उन सभी कलाकारों के आभारी हैं जिन्होंने इस कल्पना को साकार करने के लिए अपनी आवाज, रचनात्मकता और भावना का योगदान दिया। ग्लासनोट रिकॉर्ड्स के सहयोग से निर्मित इस एल्बम में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता के ध्यानमग्न विचारों को भारतीय शास्त्रीय संगीत और विभिन्न परंपराओं के वैश्विक कलाकारों के योगदान के साथ पिरोया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।