Fatty Liver Reversal Tips: लिवर हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। इसके सही तरीके से काम करने पर हमारा पूरा शरीर स्वस्थ रहता है, लेकिन इसमें जरा सी दिक्कत पूरे शरीर की सेहत खराब कर सकती है। लिवर की सेहत बिगड़ने का पहला संकेत होता है फैटी लिवर, जो आज बहुत सामान्य हो गया है। अक्सर इसके बारे में सुनने को मिलता रहता है। इसमें हमारे लिवर यानी जिगर के ऊपर फैट या वसा की परत मोटी होने लगती है। यह जब ज्यादा होती है, तो सबसे पहले पाचन पर हमला करती है और उसे बिगाड़ने लगती है।
इसके बाद ये धीरे-धीरे पूरे शरीर को अलग-अलग तरह से चुकसान पहुंचाना शुरू कर देती है। स्वास्थ्य सेवा विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक चीजें बहुत खराब स्थिति में नहीं पहुंचती, तो आप अपने कुछ छोटे और आसान उपाय करके इसे संभाल सकते हैं। यानी फैटी लिवर को शुरुआती स्तर पर रिवर्स किया जा सकता है। यह एकदम आसान नहीं है, लेकिन इतना मुश्किल भी नहीं है। इसके लिए आपको अपनी रोजाना की आदतों में हल्के-फुल्के बदलाव और कुछ उपाय करने की जरूरत है। आइए जानें क्या हैं ये
रोज 2 से 3 लीटर पानी पिएं : पानी हमारे शरीर से टॉक्सिन या गंदगी को बाहर निकालता है। इसके अलावा ये पाचन में मदद करता है और मेटाबॉलिज्म भी बेहतर करता है। जिन लोगों को लिवर से जुड़ी दिक्कतें हैं उन्हें हाइड्रेशन पर अधिक ध्यान देना चाहिए। ऐसे लोगों को रोजाना कम से कम 3 लीटर पानी पीना चाहिए।
डाइट पर दें खास ध्यान : फैटी लिवर के लक्षणों को कम करने के लिए अपनी डाइट में प्रोबायोटिक्स और फाइबर से भरपूर चीजों को शामिल करें। कुछ सामान्य हर्ब्स भी इस काम में मदद कर सकती हैं। मिल्क थीस्ल, त्रिफला, नींबू और हल्दी के अलावा, चुकंदर, लहसुन और अदरक भी फैटी लिवर के लक्षणों को कम करते हैं। ये लिवर को डिटॉक्स करते हैं और इंफ्लेमेशन को कम करते हैं। इनसे मेटाबॉलिज्म सुधरता है और कोशिकाओं को हुआ नुकसान भी कम होता है।
वजन काबू में करने की कोशिश करें : फैटी लिवर के लक्षणों को कंट्रोल करना है तो वजन पर ध्यान देना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसके लिए, सबसे पहले आप चीनी, रिफाइंड ऑयल और वसा वाली चीजों का सेवन कम से कम करें। नियम से एक्सरसाइज और योगासन करें, ताकि वजन कम करने में आसानी हो। वजन कंट्रोल होगा तो फैटी लिवर की दिक्कत भी अपने आप कम हो सकती है।