Jammu and Kashmir: बडगाम में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या, घर से 200 मीटर दूर मिला शव
Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में रविवार को 12 साल की एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई है। लड़की का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर मिला। इस घटना के बाद से इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
बडगाम में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या, घर से 200 मीटर दूर मिला शव
Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में रविवार को 12 साल की एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई है। लड़की का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर मिला। इस घटना के बाद से इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं, पुलिस ने इस हादसे पर दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची शनिवार शाम गलवानपोरा गांव से लापता हो गई थी और रविवार सुबह उसका शव पास के खेतों में मिला।
बडगाम के SSP हरिप्रसाद केके ने कहा, "आज सुबह करीब 7:15 बजे शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर एक स्थान से बरामद किया गया। सभी जरूरी मेडिकल और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं और प्रथम दृष्टया यह बलात्कार और हत्या का मामला प्रतीत होता है।"
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और FIR में बलात्कार और हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ दी गई हैं। उन्होंने कहा, “शुरुआती जांच में यह मामला दुष्कर्म और हत्या का प्रतीत हो रहा है। हमने FIR में कानून की संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं।”
इस घटना के बाद राजनीतिक नेताओं और धार्मिक हस्तियों ने कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।
चौंकाने वाला, बेहद दुखद: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना को "चौंकाने वाला और बेहद दुखद" बताया और कहा कि यह समाज के लिए आत्मनिरीक्षण का क्षण होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह घटना समाज के लिए आत्ममंथन का विषय होनी चाहिए और इस तरह की घटनाओं पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
अब्दुल्ला ने कहा, “जब तक संबंधित एजेंसियां उसकी हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं, तब तक यह भी उचित है कि हम इस बात पर विचार करें कि जब हमारे छोटे बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो हम एक समाज के रूप में किस दिशा में जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं इस क्रूर हमले की बिना किसी शर्त के निंदा करता हूं और उसके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
बेहद चिंताजनक, विचलित करने वाला: महबूबा मुफ्ती
पीडीपी प्रमुख और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कथित बलात्कार और हत्या को "चौंकाने वाला, चिंताजनक और विचलित करने वाला" बताया।
मुफ्ती ने X पर एक पोस्ट में कहा, "बडगाम में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या के बारे में सुनकर मैं स्तब्ध हूं। बलात्कार के आरोपों ने इसे और भी अधिक चौंकाने वाला, चिंताजनक और विचलित करने वाला बना दिया है। यह सोचकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं कि क्या हमारे बच्चे वास्तव में सुरक्षित हैं?"
कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने इस घटना पर अपना दिल टूट जाने और गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक ऐसी त्रासदी बताया जिसने "हर इंसान की अंतरात्मा को झकझोर दिया है।"
मीरवाइज ने कहा, "अगर हमारे बच्चे शिक्षा और मार्गदर्शन प्राप्त करने के रास्ते में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते, तो हम एक समाज के रूप में क्या बन रहे हैं?" उन्होंने एक पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।
उपराज्यपाल ने हत्या की निंदा की, सजा का आश्वासन दिया
जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हत्या की निंदा की और कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है और उन्हें पूरी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एक आधिकारिक बयान में उन्होंने आश्वासन दिया कि “इस जघन्य अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा जरूर मिलेगी।”
जम्मू-कश्मीर की सामाजिक कल्याण मंत्री सकीना इटू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस घटना को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और एक सभ्य समाज में अस्वीकार्य” बताते हुए, इटू ने इसमें शामिल लोगों के लिए कड़ी और सख्त सजा की मांग की।