Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गुरुवार की देर रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। ये हादसा तीसा के चनवास इलाके में हुआ। जहां एक कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 2 बच्चों, 2 महिलाओं और 2 पुरुषों ने जान गंवाई है। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर खाई से सभी शवों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार शहवा के पास अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधा कई फीट गहरी खाई में जा गिरी। लोगों ने कहा, हादसा इतना गंभीर था कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
चंबा के SP अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती देर रात लैंडस्लाइड होने की वजह से कार खाई में गिर गई। कार पर पहले बड़ा पत्थर गिरा, जिसने कार को करीब 500 फीट गहरी खाई में धकेल दिया।
वहीं, इस दर्दनाक सड़क हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में 6 लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
जयराम ठाकुर ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने भी इस दर्दनाक सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि चम्बा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। पीड़ित परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति तथा परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।