Delhi Fire Incident: साध नगर के एक रिहायशी इमारत में लगी आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 3 घायल

Delhi Fire Incident: बुधवार सुबह साउथ वेस्ट दिल्ली के साध नगर इलाके में एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। वहीं अभी भी इमारत में 9 लोग फंसे हुए हैं। दमकल की गाड़ियां और दिल्ली पुलिस की टीमें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

अपडेटेड Mar 18, 2026 पर 11:27 AM
Story continues below Advertisement
दिल्ली के साध नगर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Delhi Fire Incident: बुधवार सुबह साउथ वेस्ट दिल्ली के साध नगर के पालम इलाके में एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। वहीं अभी भी इमारत में 9 लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ियां, दिल्ली पुलिस और एंबुलेंस की टीमें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली।

अधिकारियों ने बताया कि आग ने एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद अधिकारियों ने स्थिति पर काबू पाने के लिए लगभग 30 दमकल गाड़ियां और करीब 100 दमकलकर्मी मौके पर भेजे।

तीन घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती


अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल हुए तीन लोगों को पालम के दिव्य प्रस्‍थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर तीन एंबुलेंस तैनात की गई थीं, जबकि अन्य एंबुलेंस संकरी और भीड़भाड़ वाली जगह के कारण कुछ दूरी पर खड़ी रहीं।

आग लगने की घटना का वीडियो वायरल

आग इतनी भयावह थी कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आसमान में उठते काले धुए का गुब्बार वीडियो में साफ देखा जा सकता है। वहीं, इस घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हालांकि, एक सीनियर पुलिस ऑफिसर ने बताया कि  बचाव कार्य अभी जारी है और टीमें अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने में लगी हुई हैं।

अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से मिली तस्वीरों में इमारत से धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दे रहे थे, जो आग की तीव्रता को दर्शाते हैं। दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने और आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट और अन्य खास उपकरणों का उपयोग करते देखा गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें: LPG किल्लत के बीच शिवपुरी में अनोखी चोरी, जेवर-नगदी के साथ सिलेंडर भी ले उड़ा चोर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।