Coimbatore Road Accident: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां पर वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी मार्ग से गुजरते समय केरल के मलप्पुरम जिले से आ रही एक टूरिस्ट वैन खाई में गिर गई। इस हादसे में कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वैन के ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया था, जिस वजह से यह घटना हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस दुर्घटना में अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हो जाएं।”
ट्रैवलर में 13 लोग थे सवार
पुलिस के मुताबिक, केरल के मलप्पुरम जिले से 13 लोगों को ले जा रहा एक ट्रैवलर टेम्पो वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी मार्ग पर उतरते समय अनियंत्रित हो गया। 13वें घुमावदार मोड़ पर वाहन एक बैरियर से टकराया और एक गहरी खाई में गिर गया।
वालपराई के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। चालक और चार अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केरल के मुख्यमंत्री जताया शोक
इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस और अग्निशमन दल ने बचाव अभियान चलाते हुए खाई से शव निकाले और घायलों को पोलाची सरकारी अस्पताल पहुंचाया।