Delhi Crime: दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक शख्स ने अपने बेटे के जन्मदिन पर हुए झगड़े के बाद अपनी पत्नी और सास की कथित तौर पर हत्या कर दी। रोहिणी के सेक्टर-17 में हुए इस डबल मर्डर की सूचना कंकरखेड़ा (KNK) मार्ग पुलिस स्टेशन को मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें एक कमरे में कुसुम सिन्हा (63) और उनकी बेटी प्रिया सहगल (34) के शव मिले। बता दें कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आखिर क्यों हुआ इतना बड़ा झगड़ा?
पुलिस के अनुसार, जन्मदिन का जश्न 28 अगस्त को था। इस दौरान प्रिया और उसके पति योगेश सहगल के बीच बर्थडे गिफ्ट को लेकर झगड़ा शुरू हो गया, जो दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को दिए थे। मामला इतना बढ़ गया कि प्रिया की मां कुसुम इसे सुलझाने के लिए रुक गईं। पुलिस ने बताया कि दो दिन बाद जब कुसुम का बेटा मेघ सिन्हा अपनी मां से संपर्क नहीं कर पाया, तो वह अपनी बहन के घर गया। उसने देखा कि फ्लैट बाहर से बंद था और दरवाजे के पास खून के धब्बे थे। रिश्तेदारों की मदद से ताला तोड़ने के बाद उसने दोनों महिलाओं को खून से लथपथ पाया। मेघ ने आरोप लगाया कि बेरोजगार योगेश ने ही उनकी हत्या की और बच्चों को लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने किए चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस ने बाद में योगेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से खून से सने कपड़े और एक कैंची भी मिली जिसका इस्तेमाल हत्या में किया गया। जांचकर्ताओं का कहना है कि यह एक घरेलू झगड़े का नतीजा लगता है। पीटीआई से बात करते हुए प्रिया के भाई हिमालय ने बताया कि उनकी मां ने एक दिन पहले ही फोन पर कहा था कि वह झगड़ा सुलझाकर लौट आएंगी। उन्होंने कहा, 'अगली सुबह हम उन्हें बार-बार फोन करते रहे, लेकिन न तो मां ने जवाब दिया और न ही मेरी बहन ने। जब हम वहां पहुंचे, तो ताले पर खून के धब्बे देखे। अंदर दोनों खून में डूबी हुई थीं।' हिमालय ने कहा, 'मेरे जीजा ने उन्हें मार डाला और बच्चों के साथ भाग गया। 17 साल की शादी में झगड़े तो होते हैं, लेकिन कौन अपनी पत्नी और सास को इस तरह मारता है? यह अमानवीय है।'