865 किमी लंबे दिल्ली वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जुड़ेगा आगरा अर्बन सेंटर, ये 2 स्टेशन बदल देंगे इलाके की तस्वीर

Bullet Train Project: दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल प्रोजेक्ट के तहत मथुरा के राया अर्बन सेंटर के पास इटौली गांव और आगरा अर्बन सेंटर के पास एत्मादपुर मदरा गांव के नजदीक बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इन इलाकों को आधुनिक शहरी विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है।

अपडेटेड May 26, 2026 पर 11:43 AM
Story continues below Advertisement
865 किमी लंबे दिल्ली वाराणसी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जुड़ेगा आगरा अर्बन सेंटर

Bullet Train Project: यमुना प्राधिकरण के तहत आने वाले पांच में से तीन अर्बन सेंटर्स (औद्योगिक टाउनशिप) को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर काम तेजी से चल रहा है। दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल प्रोजेक्ट के तहत मथुरा के राया अर्बन सेंटर के पास इटौली गांव और आगरा अर्बन सेंटर के पास एत्मादपुर मदरा गांव के नजदीक बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इन इलाकों को सिर्फ ट्रांजिट पॉइंट नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है।

इस प्रोजेक्ट के जरिए इन क्षेत्रों में जमीन का बेहतर इस्तेमाल कर राजस्व बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (National High Speed Rail Corporation Limited) ने जमीन की तलाश भी शुरू कर दी है। सोमवार को इस प्रोजेक्ट से जुड़े कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक के प्रतिनिधियों ने यमुना प्राधिकरण के ACEO शैलेंद्र भाटिया से मुलाकात की। इस दौरान रूट अलाइनमेंट और स्टेशन की संभावित लोकेशन पर चर्चा हुई।


अधिकारियों के मुताबिक, राया और आगरा अर्बन सेंटर में करीब 250 एकड़ या उससे अधिक जमीन की जरूरत होगी। इस जमीन पर आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के विकास कार्य किए जाने की योजना है, जिससे इन इलाकों को एक नए शहरी स्वरूप में बदला जा सकेगा।

यह बुलेट ट्रेन परियोजना न सिर्फ तेज यात्रा का साधन बनेगी, बल्कि अतिरिक्त राजस्व कमाने का एक बड़ा जरिया भी साबित हो सकती है। जिन इलाकों से इसका रूट गुजरेगा, वहां स्टेशन के आसपास तेजी से शहरी विकास होने की उम्मीद है। इसको लेकर आगरा विकास प्राधिकरण से कंसल्टेंट कंपनी ने संपर्क किया है। आगरा अर्बन सेंटर को पहले ही इनर रिंग रोड इस बुलेट ट्रेन के स्टेशन से जोड़ेगी। यह स्टेशन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की एंट्री के पास प्रस्तावित किया गया है।

जल्द होगा यमुना प्राधिकरण में प्रजेंटेशन

कंपनी ने यमुना प्राधिकरण के CEO राकेश कुमार सिंह के लिए एक प्रजेंटेशन भी इस परियोजना के बारे में जानकारी देने के लिए समय मांगा है। ACEO शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि कंपनी से पूरी योजना पहले शेयर करने के लिए कहा गया है जिससे प्रजेंटेशन का समय तय किया जा सके।

बुलेट ट्रेन परियोजना: फैक्ट फाइल

दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड कॉरिडोर को लेकर बड़ी योजना तैयार की जा रही है, जो देश के रेल नेटवर्क को एक नए स्तर पर ले जा सकती है।

  • यह कॉरिडोर करीब 865 किलोमीटर लंबा होगा।
  • आगरा और मथुरा, दोनों जिलों में एक-एक स्टेशन प्रस्तावित किया गया है, जिससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
  • इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 2.30 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
  • ट्रेन की अधिकतम गति 350 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

यह परियोजना न सिर्फ तेज सफर का विकल्प देगी, बल्कि जिन शहरों से होकर गुजरेगी, वहां विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: यूपी में 57694 ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने से कुछ घंटों पहले CM योगी ने लिया बड़ा फैसला, इसे विस्तार से समझिए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।