Ahmedabad Air India Plane Crash : अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे ने पूरे देश के साथ ही साथ पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। दिल दहला देने वाले हादसे में करीब 270 लोगों की जानें चली गईें। वहीं एयर इंडिया के इतिहास की सबसे भयावह दुर्घटना के बाद, टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को कर्मचारियों से भावनात्मक अपील की है। उन्होंने कहा कि यह हादसा उनके करियर की सबसे “दिल तोड़ने वाली घटना” है और अब जरूरत है कि सभी मिलकर एक सुरक्षित एयरलाइन बनाने के मिशन को और मजबूती से आगे बढ़ाएं।
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने सोमवार को एयर इंडिया के कर्मचारियों से कहा कि वे अपने रास्ते पर डटे रहें, खासकर पिछले हफ्ते अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद। उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे "झकझोर देने वाला" अनुभव बताया। गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया के मुख्यालय और प्रशिक्षण अकादमी में करीब 700 कर्मचारियों और नेतृत्व टीम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि अब समय है कि सभी धैर्य और लचीलापन दिखाएँ। उन्होंने कहा, "हमें इस हादसे से सीख लेकर एयर इंडिया को और भी सुरक्षित एयरलाइन बनाना होगा।"
'हमें मजबूती से अपने रास्ते पर बने रहना है'
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि हमें अपनी दिशा नहीं बदलनी चाहिए और जो भी करें, पूरी मजबूती से करें। उन्होंने यह भी कहा कि अभी हमें जांच के नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए। चंद्रशेखरन ने कहा, "मैंने अपने करियर में कई मुश्किल हालात देखे हैं, लेकिन यह हादसा सबसे ज्यादा झकझोर देने वाला है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे ऐसा दिन देखना पड़ेगा।"
पीड़ितों के परिवारों की मदद
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद एयर इंडिया ने कहा है कि वह पीड़ितों के परिवारों और करीबियों की हर संभव मदद कर रही है। इस काम में टाटा समूह की दूसरी कंपनियाँ भी सहयोग कर रही हैं। एयरलाइन के अनुसार, 400 से ज्यादा परिजन अब तक अहमदाबाद पहुँच चुके हैं और एयर इंडिया की टीमें जमीनी स्तर पर उनकी मदद कर रही हैं। एयर इंडिया ने यह भी बताया कि सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स के परिवारों से संपर्क किया जा चुका है और शवों और निजी सामान को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
हर परिवार के साथ एयर इंडिया के लोग
एयर इंडिया ने बताया है कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद प्रत्येक पीड़ित परिवार को कम से कम एक एयर इंडिया का कर्मचारी है, जो उनकी हर ज़रूरत में साथ रहेगा। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और गुजरात से बाहर जाने या जहां जरूरत हो वहां लौटने में परिवारों की मदद कर रही है। गौरतलब है कि गुरुवार को हुए इस हादसे में एयर इंडिया की बोइंग 787-8 फ्लाइट (AI171) में सवार 242 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से एक को छोड़ सभी की मौत हो गई, साथ ही ज़मीन पर मौजूद 29 अन्य लोगों की भी जान गई, जिनमें पांच एमबीबीएस छात्र शामिल थे। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब विमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में क्रैश लैंडिंग कर दी।