Ahmedabad Plane Crash: हादसे से पहले विजय रूपाणी ने दो बार क्यों कराया था टिकट कैंसिल? सामने आई ये बड़ी जानकारी

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी इस समय पंजाब भाजपा के प्रभारी थे और उपचुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की देखरेख कर रहे थे। भाजपा नेताओं ने बताया कि सीट काफी संवेदनशील मानी जा रही थी, इसलिए उन्होंने लुधियाना में रुकना जरूरी समझा। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर 19 जून को मतदान होगा

अपडेटेड Jun 15, 2025 पर 2:40 PM
Story continues below Advertisement

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद के एयर इंडिया विमान हादसे में मरने वालों की संख्या 274 तक पहुंच गई है। अहमदाबाद विमान हादसे के तीसरे दिन भी मलबे से शवों का निकलना जारी है। शनिवार सुबह घटनास्थल से एक और शव बरामद किया गया, जिसे एनडीआरएफ की टीम ने विमान के पिछले हिस्से से बरामद किया। बता दें कि इस दिल दहला देने वाले विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। वहीं विजय रूपाणी निधन के बाद उन्हें लेकर एक और दुखद संयोग सामने आ रहा है यह किस्मत का ही खेल था कि रूपाणी उस अभागे प्लेन में सवार हुए।

दो बार कैंसिल करावाया था टिकट

दरअसल लंदन के लिए रूपाणी का यह तीसरा टिकट था. उन्होंने अलग-अलग वजहों से दो बार अपना टिकट कैंसल करवाया था। सारे काम निपट जाने के बाद आखिर 12 जून को बोइंग 787 ड्रीमलाइनर AI-171 का टिकट लिया, लेकिन वह क्रैश हो गया। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, अपनी बेटी से मिलने लंदन जाना चाहते थे। लेकिन उन्होंने यह यात्रा दो बार टाल दी थी। पहली बार, उन्हें 1 जून को अपनी पत्नी के साथ लंदन जाना था, जहां उनकी बेटी रहती है। लेकिन उन्होंने खुद यात्रा नहीं की और सिर्फ अपनी पत्नी को भेजा। दूसरी बार लंदन जाने की उनकी योजना 5 जून की बनी, मगर लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के चलते उन्होंने फिर से अपनी यात्रा टाल दी।


बता दें कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी इस समय पंजाब भाजपा के प्रभारी थे और उपचुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की देखरेख कर रहे थे। भाजपा नेताओं ने बताया कि सीट काफी संवेदनशील मानी जा रही थी, इसलिए उन्होंने लुधियाना में रुकना जरूरी समझा। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर 19 जून को मतदान होगा और नतीजे 23 जून को आएंगे।

निधन पर भाजपा नेताओं ने जताया दुख

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने बताया, "विजय रूपाणी 9 जून को गुजरात के लिए रवाना हुए थे और उन्होंने हमें बताया था कि वे 12 जून को लंदन जाएंगे। हमें यकीन नहीं हो रहा कि अब वे हमारे बीच नहीं हैं और उसी दुर्भाग्यपूर्ण विमान में सवार थे जो हादसे का शिकार हो गया।" पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी रूपाणी के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा, "वह बहुत ही विनम्र और जमीन से जुड़े नेता थे। मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला जब वे पंजाब भाजपा के प्रभारी थे। वे सच में एक सज्जन और ईमानदार राजनेता थे।" सुनील जाखड़ ने आगे कहा, "गुजरात ने एक महान नेता को खो दिया है और मेरे लिए यह एक व्यक्तिगत क्षति है। उनकी सादगी और समझदारी हमेशा याद आएगी।"

पंजाब के नेताओं ने कही ये बात

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख जताया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता अमरिंदर सिंह, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने रूपाणी को श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को बड़ी क्षति बताया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।