AI Impact Summit: दिल्ली फिलहाल दुनिया के सबसे महंगे और हाई-प्रोफाइल शहरों की सूची में टॉप पर है। इसके पीछे की वजह है अगले हफ्ते होने वाला 'AI Impact Summit'। इस समिट में गूगल के CEO सुंदर पिचाई और OpenAI के सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गजों के शामिल होने की खबर ने दिल्ली के होटल की कीमतों में आग लगा दी है। हालात ये हैं कि ताज पैलेस, नई दिल्ली के 'गार्डन लग्जरी सुइट' का एक रात का किराया टैक्स मिलाकर करीब ₹32 लाख तक पहुंच गया है। दिलचस्प बात यह है कि यही कमरा वैलेंटाइन्स डे यानी 14 फरवरी को मात्र ₹2 लाख में उपलब्ध है, यानी समिट के दौरान कीमतों में 1500% का हैरान करने वाला उछाल आया है।
लग्जरी होटलों में ₹70,000 से ₹1 लाख पहुंची एक कमरे की कीमत
राजधानी के प्रमुख पांच सितारा होटलों में अब कमरा मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है। द लीला पैलेस में महाराजा सुइट ₹6.9 लाख और द ओबेरॉय में लग्जरी सुइट ₹5.5 लाख प्रति रात के रेट पर बुक हो रहे हैं। ixigo के अनुसार, दिल्ली के लिए होटल सर्च में 6 गुना की बढ़ोतरी हुई है। मध्य दिल्ली के ज्यादातर पांच सितारा होटलों में अगर कहीं जगह बची भी है, तो उसका शुरुआती किराया भी ₹70,000 से ₹1 लाख के बीच है। 'द ललित' और 'जेपी वसंत कॉन्टिनेंटल' जैसे होटलों ने 95% से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की है, जहां अब केवल गिनती के कमरे ही बचे हैं।
सिर्फ कमरे नहीं, पर्सनलाइज्ड इवेंट्स भी होंगे आयोजित
होटल केवल जगह नहीं दे रहे, बल्कि वैश्विक नेताओं के लिए खास इंतजाम भी कर रहे हैं। इरोस होटल के जनरल मैनेजर दविंदर जुज के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए 'पर्सनलाइज्ड चेक-इन' और विशेष नेटवर्किंग इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, जेपी वसंत कॉन्टिनेंटल के वीपी ऑपरेशंस आई पी सिंह का कहना है कि यह केवल एक इवेंट नहीं है, बल्कि दिल्ली की वैश्विक 'MICE' (Meetings, Incentives, Conferences, and Exhibitions) हब वाली छवि को मजबूत करने का मौका है। समिट में 100 से अधिक देशों के 35,000 डेलिगेट्स के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे न केवल होटल बल्कि कैटरिंग, ट्रांसपोर्ट और बिजनेस सपोर्ट सर्विसेज को भी बड़ा बूस्ट मिल रहा है।
बिजनेस के साथ वेलनेस का तड़का
आगामी एआई समिट का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। नोएडा के होटल भी फुल हो रहे हैं, क्योंकि वहां के डेटा सेंटर्स और आईटी पार्क्स की वजह से टेक डेलिगेट्स वहां रुकना पसंद कर रहे हैं। क्लैरिसा ग्रुप के सीईओ हर्षल दिलवाली ने एक दिलचस्प ट्रेंड नोट किया है। उन्होंने बताया कि, विदेशी मेहमान अपने बिजनेस ट्रिप को वेलनेस ट्रिप में बदल रहे हैं। समिट खत्म होने के बाद कई डेलिगेट्स ने जिम कॉर्बेट और मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशन्स के लिए बुकिंग कराई है। यह दिखाता है कि भारत में 'बिजनेस + लेजर' (Bleisure) का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जो पर्यटन उद्योग के लिए लंबी अवधि में बेहद पॉजिटिव संकेत है।