पश्चिम बंगाल में हर साल बड़े स्तर पर मनाया जाने वाला दुर्गा पूजा का त्योहार 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। इस दौरान कोलकाता समेत राज्य के कई शहरों में खास रौनक देखने को मिलती है। वहीं पश्चिम बंगाल में अगले महीने होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। राज्य सरकार ने पहली बार पूजा के दौरान महा अष्टमी पर शराब की बिक्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसी के साथ विसर्जन के दौरान DJ बजाने पर भी पूरी तरह रोक होगी। इन नियमों का मकसद त्योहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पूजा समितियों और आम लोगों को सरकार की ओर से जारी इन निर्देशों का पालन करना होगा।
महाअष्टमी के दिन शराब पर होगी रोक
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों के साथ बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें अधिकारी ने कहा कि, इस बार दुर्गा पूजा को धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं के अनुसार मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान संस्कृत और बंगाली संस्कृति से जुड़ी परंपराओं को खास महत्व दिया जाएगा, ताकि त्योहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्गा पूजा के अष्टमी (आठवें दिन) वाले दिन राज्य में शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। सीएम ने कहा, "महा अष्टमी के दिन, जब हम राज्य में देवी को फूलों से श्रद्धांजलि देते हैं, तो शराब की सभी दुकानें और बार बंद रहेंगे। अष्टमी के दिन शराब नहीं बेची जा सकती।"
ईडन गार्डन्स में होगा बड़ा शो
अधिकारी ने बताया कि महालया के मौके पर पश्चिम बंगाल का पर्यटन विभाग कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करेगा। करीब चार घंटे चलने वाले इस कार्यक्रम में ड्रोन शो भी होगा। वहीं, राज्य सरकार ने रेड रोड पर होने वाले दुर्गा पूजा कार्निवल को बंद करने का फैसला किया है। यह कार्निवल पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में शुरू हुआ था। सरकार के इस फैसले के बाद दुर्गा पूजा से जुड़े आयोजनों और विसर्जन की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। सीएम ने कहा, “किसी भी व्यक्ति या पूजा समिति को सिर्फ दुर्गा पूजा करने के अधिकार के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा नहीं खटखटाना चाहिए। संविधान हर किसी को अपने धर्म का पालन करने की आजादी देता है। पिछले कुछ वर्षों से कार्निवल के नाम पर कुछ खास व्यवस्थाएं लागू की जाती थीं, लेकिन इस साल ऐसा नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के समय घाटों पर क्रेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही विसर्जन के दौरान DJ बजाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और व्यवस्था शांतिपूर्ण तरीके से बनी रहे। उन्होंने कहा कि, जो छोटी पूजा कमेटियां पैसों की कमी के कारण त्योहार का आयोजन नहीं कर पाती हैं, उन्हें सरकार की तरफ से 1 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।"
वहीं, अधिकारी ने पिछली TMC सरकार के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें सभी पूजा कमेटियों को आर्थिक मदद दी जाती थी। उन्होंने कहा, "मैं बड़ी, पैसे की मदद करने वाली पूजा कमेटियों से अपील करूंगा कि वे अपने त्योहारों के लिए सरकारी ग्रांट न लें।"
नेशनल हाईवे नहीं होगा ब्लॉक
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि दुर्गा पूजा के दौरान सड़कों और नेशनल हाईवे को बेवजह बंद या जाम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, “नेशनल हाईवे को ब्लॉक नहीं किया जा सकता। सड़कें ब्लॉक करके पूजा ऑर्गनाइज नहीं की जा सकती।” पूजा समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि आयोजन की वजह से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे।