राजस्थान के अजमेर में पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी, उनकी दूसरी पत्नी, मां और भतीजी की मौत का मामला अब एक दिल दहला देने वाली हत्या की साजिश के रूप में सामने आया है। जो मामला पहले कार में आग लगने से हुई दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब चार हत्याओं के सनसनीखेज केस में बदल गया है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी राम सिंह का 17 साल का बेटा है। जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर करीब पांच महीने तक इस हत्याकांड की योजना बनाई थी।
