Akhilesh Yadav New Look: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का बिल्कुल नया और स्टाइलिश लुक सामने आया है। वैसे तो अखिलेश यादव का नाम आते ही लोगों के जेहन में सफेद कुर्ता-पायजामा, सिर पर लाल टोपी और पैरों में काले चमड़े के जूते पहने एक सादगीपूर्ण राजनीतिक छवि उभर आती है। लेकिन हाल ही में अखिलेश यादव एक ऐसे अंदाज में नजर आए, जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी। उनका नया लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
आमतौर पर सफेद कुर्ता-पायजामा, काली सदरी और लाल टोपी में दिखने वाले अखिलेश नए वायरल वीडियो में ब्लैक जींस और सफेत टी-शर्ट वाले कैजुअल लुक में नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते जब वह अपनी विदेश यात्रा से वापस लौटे तो एयरपोर्ट पर किसी ने उनका यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब उनके समर्थक इंटरनेट पर इस वीडियो को जमकर शेयर करते हुए अखिलेश यादव की सादगी की तारीफ कर रहे हैं। एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के साथ कई आम लोग और सुरक्षाकर्मी सेल्फी लेते हुए नजर आए।
पहली बार नए अंदाज में दिखे अखिलेश
साल 2017 में सपा की कमान संभालने के बाद से अखिलेश अपनी सादगी वाली पहचान को लगातार बनाए रखा है। लेकिन हाल ही में एयरपोर्ट पर वह अपने पारंपरिक राजनीतिक परिधान से बिल्कुल अलग लुक में दिखाई दिए। उन्होंने काली जींस, सफेद टी-शर्ट और काले बूट पहन रखे थे। सबसे खास बात यह रही कि इस दौरान उनके सिर पर समाजवादी पार्टी की पहचान मानी जाने वाली लाल टोपी नहीं थी। उनका यह नया अंदाज युवा, ऊर्जावान और स्टाइलिश नजर आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
अखिलेश यादव की सफेद टी-शर्ट का लुक कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की हाल के दिनों में पहनी जाने वाली टी-शर्ट से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। राहुल गांधी भी अक्सर सफेद टी-शर्ट के साथ कैजुअल अंदाज में नजर आते रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की शैली को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह Video पिछले हफ्ते की है, जब वह एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे।
सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी भी चौंके
एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी भी अखिलेश यादव के इस बदले हुए रूप को देखकर कुछ क्षणों के लिए चौंक गए। हालांकि, अखिलेश यादव ने हमेशा की तरह लोगों का अभिवादन किया। ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने जब उनसे हाथ मिलाने की इच्छा जताई तो उन्होंने मुस्कुराते हुए उसका अभिवादन स्वीकार किया। वहीं, एक युवा कर्मचारी के सेल्फी लेने के अनुरोध को भी उन्होंने खुशी-खुशी पूरा किया। इसी सेल्फी के जरिए उनकी बिना लाल टोपी वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव लगातार सफेद कुर्ता-पायजामा, लाल टोपी और कंधे पर लाल गमछे के साथ नजर आते थे। गर्मी और चुनावी सभाओं की भागदौड़ के बीच उन्होंने जिस लाल गमछे का इस्तेमाल शुरू किया था। वह उनकी पहचान का हिस्सा बन गया है। पार्टी के कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उसी शैली को अपनाना शुरू कर दिया था। यहां तक कि लोकसभा में भी अखिलेश यादव कई बार उसी गमछे के साथ दिखाई दिए।
लाल टोपी का सपा कनेक्शन क्या है?
समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पहचान लाल टोपी से जुड़ी रही है। पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव से लेकर वर्तमान अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य वरिष्ठ नेता अक्सर लाल टोपी में नजर आते हैं। यही वजह है कि अखिलेश यादव का बिना लाल टोपी वाला यह नया रूप लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया।
दिलचस्प बात यह भी है कि अखिलेश यादव को अपने पारंपरिक परिधान में ही पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों में देखा जाता रहा है। अपने सौतेले छोटे भाई प्रतीक यादव के श्राद्ध कार्यक्रम से लेकर विभिन्न शादी समारोहों तक वे हमेशा सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल टोपी में ही नजर आए हैं।
राजनीतिक दृष्टि से भी राहुल गांधी और अखिलेश यादव के रिश्ते पिछले कुछ सालों में काफी मजबूत हुए हैं। दोनों नेताओं ने विदेश में शिक्षा प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गठबंधन के जरिए साथ काम किया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के गठबंधन ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। अब अखिलेश और राहुल गांधी की असली परीक्षा अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा का चुनाव है।