Delhi Weather Today: दिल्ली में आज फिर बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

Delhi Weather Today: सोमवार को दिल्ली में तेजा हवाओं और कहीं-कहीं हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी, वहीं अब मंगलवार, 16 जून को राजधानी में मौसम फिर से खराब होने की संभावना है। IMD के अनुसार, दिल्ली में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 8:04 AM
दिल्ली वालों को गर्मी से राहत, अगले 2 दिन बारिश के आसार

Delhi Weather Today: सोमवार को दिल्ली में तेजा हवाओं और कहीं-कहीं हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी, वहीं अब मंगलवार, 16 जून को राजधानी में मौसम फिर से खराब होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में सुबह और दोपहर के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बहुत हल्की से हल्की बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा हो सकती है और आंधी-तूफान के दौरान इसके झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रहने की उम्मीद है।

सोमवार को राजधानी में चलीं तेज हवाएं 

यह मौसम पूर्वानुमान शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश के एक दिन बाद आया है। सबसे तेज हवाएं पालम में दर्ज की गईं, जहां दोपहर के समय हवा की रफ्तार 93 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी। वहीं, दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच हुई बारिश से लोगों को बढ़ते तापमान से राहत मिली और कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया।


इसके अलावा, पालम में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो शहर में सबसे ज्यादा थी, जबकि अयानगर में 4.6 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग और लोधी रोड पर बहुत कम बारिश हुई, जबकि इस दौरान रिज ऑब्जर्वेटरी में कोई मापने लायक बारिश दर्ज नहीं की गई।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम था। पालम में भी ऐसा ही तापमान दर्ज किया गया, जबकि आयानगर और लोधी रोड पर तापमान क्रमशः 38°C और 37.8°C रहा। शहर में सबसे अधिकतम तापमान रिज ऑब्जर्वेटरी में 38.8°C दर्ज किया गया।

दिल्ली में आज का मौसम: अगले 2 दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार को हुई बारिश की वजह पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का घेरा) था, जिसे अरब सागर से आने वाली नमी वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से मदद मिली।

स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, मौसम की यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है, हालांकि बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। हवा में मौजूद नमी तापमान को नियंत्रित रखेगी, जबकि सप्ताह के आखिर में गर्मी का असर फिर से बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को सुबह और दोपहर के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। IMD के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रह सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिन भर दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगभग 10-15 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलने की उम्मीद है। आंधी-तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा तक बढ़ सकती है और कुछ इलाकों में हवा के झोंके 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।

इस बीच, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार दोपहर दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 151 दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: Monsoon & El Nino update: अल नीनो बिगाड़ेगा मानसून का गणित, धान और मक्के को लेकर चिंता में डालने वाली रिपोर्ट आई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।