Delhi-Meerut Expressway Route Advisory: कांवड़ यात्रा के लिए दिल्ली - मेरठ एक्सप्रेसवे पर आज से आम गाड़ियों की नो एंट्री, चेक करें ट्रैफिक डायवर्जन

Delhi-Meerut Expressway Route Advisory: कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है और ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। साथ ही, सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए शुक्रवार शाम से DME पर आम वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

अपडेटेड Aug 07, 2026 पर 10:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कांवड़ यात्रा के लिए दिल्ली - मेरठ एक्सप्रेसवे पर आज से आम गाड़ियों की नो एंट्री

Delhi-Meerut Expressway Route Advisory: कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है और ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। साथ ही, सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए शुक्रवार शाम से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर आम वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। प्रशासन के इस फैसले के चलते मेरठ की ओर से आने वाली लेन सिर्फ डाक कांवड़ियों के लिए इस्तेमाल होगी, जबकि पैदल और बाइक से आने वाले कांवड़ियों को DME पर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें प्रशासन की ओर से तय वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।

डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिसेन ने बताया कि मेरठ पुलिस के साथ समन्वय के आधार पर शुक्रवार शाम से डायवर्जन योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा, कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए डीएमई पर सिर्फ डाक कांवड़ को ही संचालित किया जाएगा।

अधिकारी ने आगे कहा कि DME के तीनों प्रवेश बिंदुओं को बंद कर दिया जाएगा, जिससे कोई भी सामान्य वाहन एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं कर सकेगा। हालांकि, गाजियाबाद की ओर उतरने वाले वाहनों के लिए निकासी मार्ग खुले रहेंगे। डीसीपी ने कहा कि डायवर्जन की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों तक पहुंचाई जा रही है।


DME पर पैदल और बाइक कांवड़ियों को नहीं मिलेगी एंट्री

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पैदल और बाइक से आने वाले कांवड़ियों की एंट्री पर भी रोक है। उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते एक्सप्रेसवे पर सिर्फ डाक कांवड़ को संचालित किया जाएगा।

एनएच-9 से गुजरेंगे वाहन

DME के समानांतर NH-9 पर सामान्य यातायात जारी रहेगा। दिल्ली से मेरठ जाने वाले वाहनों को NH-9 के रास्ते डासना कट से हापुड़ होते हुए मेरठ भेजा जाएगा। डायवर्जन को सुचारु रखने के लिए प्रमुख चौराहों और कटों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।

बंद कट खुलने से लोगों को राहत

जाम की बढ़ती परेशानी को देखते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस द्वारा जीटी रोड और कनावनी मार्ग पर बंद कट को खोल दिए जाने की वजह से वाहन चालकों को आने जाने में काफी राहत मिली है। बता दें कि प्रमुख कांवड़ मार्गों पर शहर के अंदर आने-जाने या अस्पतालों के कटों को जलाभिषेक से महज दो दिन पहले बंद किया जाता था। हालांकि, इस बार उन्हें एक सप्ताह पहले ही बंद कर दिया गया। जिस वजह से लोगों को 15 मिनट का सफर पूरा करने में 45 मिनट लग रहा था। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी भारी जाम का सामना करना पड़ता था।

दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन

प्रशासन ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चौधरी मोड़, गोशाला फाटक, हापुड़ तिराहा, कैला भट्ठा और पटेलनगर फ्लाईओवर से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, संजय गीता चौक, घूकना मोड़, डीपीएस कट और सिहानी चुंगी से NH-34 की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर बदलेगी व्यवस्था

फिलहाल मेरठ रोड की एक लेन पर यातायात जारी रखने का निर्णय लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कार समेत अन्य वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों को ही अनुमति देने की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें: आज भारी बारिश की चेतावनी: IMD ने ओडिशा के लिए रेड, दिल्ली के लिए ऑरेंज कलर वॉर्निंग जारी की! यूपी से बिहार तक मौसम का तांडव चेक करें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।