Amarnath Yatra Accident: अमरनाथ यात्रा जा रही बस जम्म-कश्मीर में हादसे का शिकार! सड़क से फिसलकर घर पर गिरी, 39 श्रद्धालु घायल

Amarnath Yatra Accident: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में मंगलवार 28 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की एक बस सड़क से फिसलते हुए एक घर के ऊपर जा गिरी। इससे कम से कम 39 यात्री घायल हो गए। फिलहाल बचाव कार्य जारी है। मौके पर आलाधिकारी पहुंच गए हैं

अपडेटेड Jul 28, 2026 पर 10:53 AM
Amarnath Yatra Accident: गुफा मंदिर में दर्शन कर लौट रहे सभी 39 श्रद्धालु इस हादसे में घायल हुए हैं

Amarnath Yatra Accident: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार (28 जुलाई) सुबह अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर तेज मोड़ के दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण कथित तौर पर खो गया। इसके बाद बस सड़क से फिसलकर एक मकान पर जा गिरी। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस हादसे में कम से कम 39 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना हरिगनीवान क्षेत्र में उस समय हुई, जब एक मोड़ पर बस चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से फिसल कर एक मकान पर जा गिरी।

39 श्रद्धालु हादसे में घायल

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में मकान को काफी नुकसान पहुंचा। लेकिन बस नीचे लुढ़क कर सिंध नदी में गिरने से बच गई। दुर्घटना के समय घर में कोई नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि गुफा मंदिर में दर्शन कर लौट रहे सभी 39 श्रद्धालु इस हादसे में घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।


सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, "गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से फोन बात कर आज सुबह गनिवान में सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे 39 श्रद्धालु घायल हुए हैं और फिलहाल एसकेआईएमएस में उनका इलाज किया जा रहा है।"

उपराज्यपाल ने आगे कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सिन्हा ने कहा, "मैं भगवान शिव से घायल भक्तों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

मकान ने टाला बड़ा हादसा

अधिकारियों के मुताबिक, जिस मकान पर बस गिरी, उसी ने उसे और नीचे सिंध नदी की ओर लुढ़कने से रोक दिया। यदि बस नदी की ओर चली जाती, तो हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था। हालांकि बस की टक्कर से मकान को भारी नुकसान पहुंचा।

सेना, CRPF और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के तुरंत बाद भारतीय सेना, CRPF, ITBP, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। पलटी हुई बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिर एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। घटनास्थल के वीडियो में सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों को घायल श्रद्धालुओं को निकालते और राहत कार्य करते देखा गया।

ज्यादातर श्रद्धालुओं को आईं मामूली चोटें

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायल श्रद्धालु मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस बीच, प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में चालक द्वारा तेज मोड़ पर बस से कंट्रोल खोने की बात सामने आई है। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

ये भी पढ़ें- Prayagraj Housing Scheme: सिर्फ ₹2.50 लाख देकर बुक करें 2BHK फ्लैट! अतीक अहमद की पुरानी कोठी के पास बनेगा 700 फ्लैटों का बड़ा प्रोजेक्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।