अनंत अंबानी ने केरल के मंदिरों को दिया ₹18 करोड़ का दान, हाथियों के कल्याण और जीर्णोद्धार के लिए बढ़ाया हाथ

Anant Ambai: हाथियों के इलाज के लिए एक समर्पित आधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। साथ ही हाथियों को जंजीरों से मुक्त रखने के लिए वैज्ञानिक रूप से डिजाइन किए गए शेल्टर बनाए जाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि परंपराओं का हिस्सा रहे इन बेजुबान जानवरों को गरिमा और वैज्ञानिक देखभाल मिलनी चाहिए

अपडेटेड Apr 07, 2026 पर 3:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अनंत अंबानी ने राजराजेश्वरम मंदिर के 'पूर्वी गोपुरम' के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी ली है

Anant Ambani: रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने हाल ही में केरल के दो सबसे प्रतिष्ठित मंदिरों राजराजेश्वरम और गुरुवयूर मंदिर का दौरा किया। अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने कुल ₹18 करोड़ की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि न केवल मंदिरों के बुनियादी ढांचे को सुधारने, बल्कि ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और हाथियों के वैज्ञानिक रख-रखाव के लिए इस्तेमाल की जाएगी।

राजराजेश्वरम मंदिर के 200 साल पुराने गोपुरम का होगा उद्धार

तलिपरंबा स्थित ऐतिहासिक राजराजेश्वरम मंदिर में अनंत अंबानी ने जीर्णोद्धार कार्यों का संकल्प लिया है। दरअसल मंदिर का 'पूर्वी गोपुरम' पिछले 200 वर्षों से जर्जर अवस्था में है। अनंत अंबानी ने इसके जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी ली है, जो भक्तों के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। इसके लिए कुल ₹12 करोड़ खर्च होंगे। साथ ही उन्होंने मंदिर को ₹3 करोड़ का चेक सौंपा और पारंपरिक पूजा संपन्न की। इस फंड का उपयोग पार्किंग और तीर्थयात्रियों के लिए अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में भी किया जाएगा।


Anant Ambani

गुरुवयूर मंदिर में भगवान कृष्ण के चरणों में ₹3 करोड़ की चढ़ाई भेंट

अनंत अंबानी ने गुरुवयूरप्पन के दर्शन किए और मंदिर ट्रस्ट को ₹3 करोड़ की सहायता राशि दान की। मंदिर के चेयरमैन ए.वी. गोपीनाथ ने उनका पारंपरिक सम्मान के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं केवल पूजा स्थल नहीं हैं, बल्कि वे विश्वास और समुदाय को जोड़ने वाली जीवंत संस्थाएं हैं।

'वनतारा' के जरिए हाथियों के लिए बनेगा अस्पताल

पशु प्रेम और 'वनतारा' (Vantara) पहल के लिए पहचाने जाने वाले अनंत अंबानी ने गुरुवयूर मंदिर के हाथियों के कल्याण के लिए विशेष योजनाएं साझा की हैं। हाथियों के इलाज के लिए एक समर्पित आधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। साथ ही हाथियों को जंजीरों से मुक्त रखने के लिए वैज्ञानिक रूप से डिजाइन किए गए शेल्टर बनाए जाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि परंपराओं का हिस्सा रहे इन बेजुबान जानवरों को गरिमा और वैज्ञानिक देखभाल मिलनी चाहिए।

मंदिर प्राधिकारियों को संबोधित करते हुए अनंत अंबानी ने कहा, 'हमारी आध्यात्मिक विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और मजबूत बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य भक्तों की सेवा करने के साथ-साथ उन जानवरों की भी सेवा करना है, जो हमारी परंपराओं का अभिन्न अंग हैं।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।