Anant Singh: 'अब बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे'; बाहुबली JDU विधायक अनंत सिंह का राजनीति से संन्यास, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से निराश

Anant Singh: मोकामा के बाहुबली MLA अनंत सिंह ने सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव में अपना वोट डालने के बाद कहा कि वे अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अपना वोट डालने के तुरंत बाद यह घोषणा की। अनंत सिंह का यह बयान उस समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 2:51 PM
Story continues below Advertisement
Anant Singh: बिहार के मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है

Anant Singh: बिहार के मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अब आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी कहा कि अब उनके बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनका बड़ा बेटा चुनाव लड़ेगा। सिंह सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव में अपना मतदान करने जेल से विधानसभा पहुंचे थे। बाहुबली नेता अनंत सिंह बेउर सेंट्रल जेल से निकलकर वोट डालने के लिए एंबुलेंस से मतदान केंद्र पहुंचे। फिर मतदान करने के बाद वे फिर से जेल लौट गए।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने साफ लहजे में कहा कि अब वे आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब बच्चे चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब राजनीति में अगली जिम्मेदारी उनके बड़े बेटे निभाएंगे। विधायक अनंत सिंह का यह बयान उस समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं। ऐसे में अनंत सिंह की इस घोषणा के कई मायने निकाले जा रहे हैं। अनंत सिंह पहले भी कह चुके थे कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तो वे सक्रिय राजनीति से दूरी बना लेंगे।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से निराश


पत्रकारों ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, "वे जहां जाना चाहेंगे, जाएंगे।" सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर अनंत सिंह ने कहा, "जो होगा अच्छा होगा।" बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर उन्होंने कहा कि यह सब हमें पता नहीं है। लेकिन जो भी होगा, उसका निर्णय नीतीश कुमार लेंगे।

अदालत द्वारा अनंत सिंह को राज्यसभा चुनाव में वोट डालने की इजाजत दी गई थी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अनंत सिंह वोट डालने विधानसभा पहुंचे थे। राज्यसभा चुनाव में पांचवीं सीट को लेकर गहमागहमी बनी हुई है। सिंह फिलहाल एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं।

बाहुबली राजनेता ने कहा कि वह भविष्य में कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। खासकर तब जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति में न हों। उन्होंने कहा, "अगर नीतीश कुमार नहीं होंगे, तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।" साथ ही यह भी जोड़ा कि उनकी जगह उनके परिवार के सदस्य राजनीति में कदम रख सकते हैं।

निशांत कुमार का किया समर्थन

नेतृत्व के उत्तराधिकार पर टिप्पणी करते हुए सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार में मुख्यमंत्री बनने के लिए आवश्यक सभी गुण मौजूद हैं। हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का ही होगा। जब उनसे पसंदीदा युवा नेता के तौर पर निशांत कुमार और तेजस्वी यादव में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया, तो सिंह ने जवाब देने से इनकार कर दिया।

आंकड़ों के अनुसार, NDA के लिए चार सीटों पर जीत तय है। लेकिन पांचवीं सीट को लेकर अन्य विधायकों की जरूरत है। इसी तरह महागठबंधन के एक प्रत्याशी के लिए उसे अन्य दलों के विधायकों की जरूरत है। एआईएमआईएम ने महागठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की है।

5 राज्यसभा सीटों पर मतदान जारी

बिहार की पांच राज्यसभा सीट के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हुआ। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पांच और विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा परिसर में मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 10 राज्यों में मतदान शुरू, नीतीश कुमार और शरद पवार पर सभी की नजर

विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करना शुरू कर दिया है। मतगणना शाम पांच बजे के बाद शुरू होगी। परिणाम आज ही घोषित होने की उम्मीद है। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रमुख नीतीश कुमार तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राजग के उम्मीदवारों में शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।