Bengaluru-Goa Vande Bharat: भारतीय रेलवे जल्द ही दक्षिण भारत के रेल यात्रियों को एक और बड़ी सौगात देने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने बेंगलुरु के यशवंतपुर से गोवा के मडगांव के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दे दी है। यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन पश्चिमी घाट की हसीन और मनमोहक पहाड़ियों, सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड के सुरम्य घाट सेक्शन और तटीय कर्नाटक से होकर गुजरेगी, जिससे 13 घंटे का यह सफर बेहद आरामदायक और दर्शनीय बन जाएगा।
रेलवे बोर्ड ने 30 अक्टूबर को 26655/26656 यशवंतपुर-मडगांव-यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत को हरी झंडी दिखाई है। यह चेयर कार सर्विस मैंगलुरु जंक्शन के रास्ते संचालित की जाएगी।
हफ्ते में 6 दिन चलेगी ट्रेन: शेड्यूल और टाइमिंग
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी। यशवंतपुर से बुधवार और मडगांव से गुरुवार को छोड़कर यह नियमित सेवा देगी।
यशवंतपुर से मडगांव (26655): यह ट्रेन यशवंतपुर (बेंगलुरु) से सुबह 7:35 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 8:55 बजे मडगांव (गोवा) पहुंचेगी।
मडगांव से यशवंतपुर (26656): वापसी दिशा में यह ट्रेन मडगांव से सुबह 8:20 बजे छूटेगी और रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
रैक और मेंटेनेंस: इस सर्विस के लिए दो वंदे भारत रेक तैनात किए जाएंगे। इनका मेंटेनेंस यशवंतपुर और मडगांव में होगा, जबकि पानी भरने की व्यवस्था मैंगलुरु जंक्शन पर रहेगी।
यह वंदे भारत ट्रेन कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों और तटीय बेल्ट के कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। ट्रेन के ठहराव इन स्टेशनों पर होंगे:
(नोट: यशवंतपुर से मडगांव जाते समय ट्रेन का एक अतिरिक्त हॉल्ट 'ठोकुर' (Thokur) स्टेशन पर भी रहेगा।)
एक ट्रेन बंद करने का हुआ फैसला
नई सर्विस शुरू करने के साथ ही रेलवे बोर्ड ने कम यात्री संख्या का हवाला देते हुए मौजूदा 20645/20646 मैंगलुरु सेंट्रल-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने का फैसला लिया है। वैसे रेलवे अधिकारियों ने नई यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस के आधिकारिक उद्घाटन की तारीख और किराए का ऐलान अभी नहीं किया है। जल्द ही इसके परिचालन की डेट घोषित की जाएगी।