पूरे देश को झकझोर देने वाले राजा रघुवंशी मर्डर केस का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि ऐसा ही एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजा रघुवंशी मामले की तरह आंध्र प्रदेश के रहने वाले एक युवक के मौत ने सनसनी मचा दी है। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के रहने वाले 32 वर्षीय तेजेश्वर एक नहर में बरामद हुआ है। तेजेश्वर की कुछ दिनों पहले ही शादी हुई थी और उसके बाद वो अचानक 17 जून को गायब हो गया था। वहीं अब तेजेश्वर के परिवार वालों ने उसकी पत्नी ईश्वर्या पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी के कुछ दिनों बाद हुई हत्या
बता दें कि बीते 17 जून को तेजेश्वर अचानक लापता हो गया था। कुछ दिनों बाद उसका शव एक नहर में मिला। यह घटना उसकी शादी के ठीक एक महीने बाद हुई, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। तेजेश्वर के परिवार वालों ने उसकी पत्नी ईश्वर्या पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ईश्वर्या का किसी और से प्रेम संबंध था और उसी ने अपनी मां के साथ मिलकर तेजेश्वर की हत्या की साजिश रची। परिवार के आरोपों के बाद पुलिस ने तेजेश्वर की पत्नी और उसकी सास को हिरासत में ले लिया है।
रिश्तों के जाल में उलझी कहानी
तेजेश्वर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी तक अफेयर या हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच चल रही है और फिलहाल किसी नतीजे पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी। तेजेश्वर के परिवार का आरोप है कि उसकी पत्नी ईश्वर्या का एक बैंक कर्मचारी के साथ प्रेम संबंध था। इसी बैंक में ईश्वर्या की मां सुजाता भी काम करती थी। परिवार का दावा है कि सुजाता भी तेजेश्वर के संपर्क में थी और वह चाहती थीं कि ईश्वर्या की शादी तेजेश्वर से हो।
रिपोर्ट के मुताबिक, तेजेश्वर और ईश्वर्या की शादी पहले फरवरी में तय हुई थी। लेकिन इसी दौरान ईश्वर्या अचानक गायब हो गई, जिससे शादी टल गई। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटी, तो उसने तेजेश्वर से अपने प्यार का इजहार किया और दोनों ने शादी कर ली। तेजेश्वर 17 जून को लापता हो गया था। इसके बाद उसके भाई तेजवर्धन ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में तेजेश्वर का शव एक नहर में मिला, जिससे मामला गंभीर हो गया। फिलहाल पुलिस, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मोबाइल लोकेशन से मिली लाश
तेजेश्वर की मौत के मामले में पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से शनिवार को उसका शव नहर के पास बरामद किया। शव को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। पीड़ित के भाई ने आरोप लगाया है कि तेजेश्वर की पत्नी ईश्वर्या का एक बैंक कर्मचारी के साथ प्रेम संबंध था। हैरानी की बात ये है कि वही बैंक कर्मचारी ईश्वर्या की मां सुजाता के साथ भी रिश्ते में था। भाई का दावा है कि तीनों ने मिलकर तेजेश्वर की हत्या की साजिश रची।
परिवार के मुताबिक, आरोपियों ने तेजेश्वर को जमीन सर्वे के काम का झांसा देकर बुलाया और अपने कुछ करीबी लोगों की मदद से उसकी हत्या कर दी। इस बीच पुलिस ने एक संदिग्ध कार की पहचान की है, जो इस वारदात में शामिल हो सकती है। अब पुलिस उस गाड़ी के मालिक और ड्राइवर से पूछताछ कर रही है।
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब देश में पहले से ही राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर गुस्सा है। इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी 23 मई को चेरापूंजी में अपने हनीमून के दौरान लापता हो गए थे। उनका शव 2 जून को मेघालय के वेई सॉडोंग फॉल्स के पास मिला था। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी मुख्य आरोपी है।