Annamalai Resignation: तमिलनाडु के दिग्गज नेता अन्नामलाई ने BJP प्रमुख नितिन नबीन को सौंपा इस्तीफा, जल्द नई पार्टी का कर सकते हैं ऐलान

Annamalai Resignation: तमिलनाडु के दिग्गज नेता के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने मंगलवार (2 जून) को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के दौरान अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 2:25 PM
Story continues below Advertisement
Annamalai Resignation: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अन्नामलाई ने BJP प्रमुख नितिन नबीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है

Annamalai Resignation: तमिलनाडु से आने वाले प्रमुख नेताओं में से एक के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया है। 'न्यूज 18' के मुताबिक, तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने मंगलवार (2 जून) को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के दौरान अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, वह आज शाम 4 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। हालांकि, अन्नामलाई के BJP छोड़ने की खबरों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

अन्नामलाई को हाल ही में तमिलनाडु BJP अध्यक्ष पद से हटाकर नैनार नागेंद्रन को नियुक्त किया गया था। इसके बाद से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि अन्नामलाई BJP से अलग होना चाहते हैं। ऐसी भी खबरें थीं कि उन्हें अब BJP में अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है। नितिन नबीन और संगठन सचिव बी.एल. संतोष के साथ एक अहम बैठक के दौरान अन्नामलाई ने कथित तौर पर BJP से सौहार्दपूर्ण ढंग से अलग होने की इच्छा जाहिर की।

न्यूज 18 को सूत्रों ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कहा कि अब वह अपना रास्ता खुद बनाना चाहते हैं। हालांकि, BJP नेतृत्व अभी भी पूर्व IPS अधिकारी को पार्टी में बनाए रखने की कोशिशों पर विचार कर रहा है। उनके लिए राष्ट्रीय स्तर की कोई भूमिका तय होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई से कहा गया है कि जब तक कोई अगला निर्देश न मिल जाए, तब तक वह दिल्ली छोड़कर न जाएं।


बना सकते हैं नई पार्टी

अन्नामलाई ने BJP से नाराजगी और नया राजनीतिक संगठन बनाने की संभावनाओं को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच सोमवार को कहा कि आगामी दो दिन में वह अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे। अन्नामलाई ने दिल्ली रवाना होने से पहले चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह दो दिनों में जवाब देंगे और अपना रुख स्पष्ट करेंगे।

BJP नेता से जब पत्रकारों ने पूछा कि अटकले हैं कि वह पार्टी छोड़ने की योजना बना रहे हैं और इसी सिलसिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात करने जा रहे हैं तो उन्होंने कहा, "कृपया प्रतीक्षा करें। हम दो दिन में बैठकर बात करेंगे।"

CBSE के फैसले का किया विरोध

अन्नामलाई ने हाल ही में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा मौजूदा शैक्षणिक वर्ष से 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए तीन-भाषा नीति लागू करने की हालिया घोषणा का विरोध किया और अधिसूचना को वापस लेने की मांग की। उनके इस रुख से उन अटकलों ने जोर पकड़ा कि अन्नामलाई केंद्र सरकार का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वह अपनी खुद की पार्टी जमीन पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं।

तमिलनाडु के दिग्गज नेताओं में शामिल हैं अन्नामलाई

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई ने 2021 के विधानसभा चुनाव के लिए टीटीवी दिनाकरन और पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम को BJP गठबंधन में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हालांकि, पार्टी आला कमान द्वारा अन्नामलाई के स्थान पर नैनार नागेंद्रन को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने और 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK)के साथ चुनावी समझौता करने के बाद से वह चर्चाओं से दूर हैं।

ये भी पढ़ें- दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल की वेदांता ग्रुप पर ED की रेड, FEMA जांच के तहत मुंबई और दिल्ली में Vedanta के दफ्तरों पर छापेमारी

कोयंबटूर क्षेत्र के BJP सदस्यों ने हालांकि अन्नामलाई से 2026 के विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने की उम्मीद जताई थी। लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि उन्होंने चुनावी मैदान से दूर रहने का फैसला किया है। BJP के एक सूत्र ने कहा कि अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि उन्हें पार्टी में और बड़ी भूमिका दी जा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।