दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल की वेदांता ग्रुप पर ED की रेड, FEMA जांच के तहत मुंबई और दिल्ली में Vedanta के दफ्तरों पर छापेमारी

ED Raids Vedanta: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) जांच के तहत अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल से जुड़ी कंपनी वेदांता ग्रुप के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया है। जानकारी के अनुसार, खनन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई सोमवार को शुरू की गई थी

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 2:20 PM
ED Raids Vedanta: दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप पर ED ने छापेमारी की है

ED Raids Vedanta Group: अधिकारियों ने मंगलवार (2 जून) को बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) से जुड़ी जांच के तहत वेदांता ग्रुप के खिलाफ छापेमारी की है। सूत्रों ने बताया कि खनन क्षेत्र से जुड़े वेदांता ग्रुप के खिलाफ यह कार्रवाई सोमवार (1 जून) को शुरू की गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल से जुड़ी कंपनी के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी द्वारा फेमा के तहत जांच शुरू किए जाने के बाद यह छापेमारी की गई। खबर लिखे जाने तक कंपनी ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

CNBC-TV18 के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) मुंबई और दिल्ली में वेदांता के दफ्तरों पर छापेमारी कर रहा है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल को सूत्रों ने बताया कि ये तलाशी वेदांता द्वारा अपनी पेरेंट कंपनी को किए गए रॉयल्टी पेमेंट्स से जुड़ी है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि ED, फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत वेदांता ग्रुप पर छापेमारी कर रही है।


अनिल अग्रुवाल ने अपनी 4 कंपनियों के बारे में दी थी डिटेल्स जानकारी

पिछले महीने वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा था कि Vedanta Group की अलग हुई चारों कंपनियां एक महीने के अंदर अलग-अलग लिस्टेड हो जाएंगी। CNBC-TV18 के साथ एक खास इंटरव्यू में अग्रवाल ने कहा था, "अगले महीने तक सभी अलग-अलग कंपनियां लिस्टेड हो जाएंगी।" इस डीमर्जर से चार अलग-अलग लिस्टेड कंपनियां बनेंगी।

पहली कंपनी वेदांता एल्युमीनियम है, जो अभी सालाना 3 मिलियन टन उत्पादन करती है। साथ ही तीन साल के अंदर 6 मिलियन टन का लक्ष्य रखा है। अग्रवाल ने कहा था कि यह कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी प्राइवेट-सेक्टर एल्युमीनियम उत्पादक बनने की राह पर है। वेदांता ग्रुप एक इंडस्ट्रियल पार्क मॉडल के जरिए लगभग 1,000 डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज डेवलप करने की भी योजना बना रहा है।

दूसरी कंपनी तेल और गैस का कारोबार है। इसके बारे में अग्रवाल ने कहा था कि वेदांता अगले तीन से पांच सालों में उत्पादन बढ़ाकर रोजाना 5,00,000 बैरल तक पहुंचाने के लिए $5 बिलियन का निवेश करने की योजना बना रही है। इस कारोबार में टाइट ऑयल, शेल गैस, शैलो-वॉटर और डीप-वॉटर एसेट्स के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी भारत में एक ब्लॉक भी शामिल है।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रुप बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार से लंबी अवधि की लीज लेने की कोशिश कर रहा है। तीसरी कंपनी में ग्रुप का पावर कारोबार शामिल होगा, जो अभी 4,000 MW बिजली पैदा करता है। यह ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी क्षमता बढ़ाकर 20,000 MW तक पहुंचाने का लक्ष्य रखता है।

अनिल अग्रवाल ने कंपनी के कोयला लिंकेज पर जोर दिया। उन्होंने अपनी इस बात को दोहराया कि कोयला ऊर्जा का एक अहम स्रोत बना रहेगा। चौथी कंपनी आयरन और स्टील का कारोबार होगी। अग्रवाल ने कहा कि कंपनी अभी 4 मिलियन टन स्टील का उत्पादन करती है।

ये भी पढ़ें- आज का मौसम 2 जून: IMD ने इन 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट दिया, कई राज्यों में 50-60kmph स्पीड से आएगी आंधी-तूफान और बवंडर

उन्होंने कहा कि यह कंपनी ग्रीन, इलेक्ट्रिकल और स्पेशल स्टील पर खास ध्यान देते हुए अपनी क्षमता बढ़ाकर 15 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है। इस कारोबार को कैप्टिव आयरन ओर और कोक संसाधनों का भी सहारा मिला हुआ है। फिलहाल, ED जांच से जुड़ी और डिटेल्स जानकारी का इंतजार है।

ED रेड पर वेदांता ग्रुप का आया बयान

वेदांता ग्रुप के एक प्रवक्ता ने ED की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है। उनके द्वारा मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रही है। प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी सभी कानूनों और नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "हम संबंधित अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। कंपनी सभी लागू कानूनों और नियमों के अनुपालन के प्रति प्रतिबद्ध है। चूंकि यह मामला वर्तमान में नियामकीय प्रक्रिया के तहत विचाराधीन है, इसलिए इस चरण पर हम इससे संबंधित कोई अतिरिक्त टिप्पणी करने में असमर्थ हैं।" बता दें कि वेदांता लिमिटेड का कारोबार भारत, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और पूर्वी एशिया में फैला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।