Delhi Assembly Bomb Threat: बुधवार को दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें दावा किया गया है कि विधानसभा के अंदर 16 RDX IED लगाए गए हैं। इसे भेजने वाले ने दोपहर में विस्फोट की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाला कथित रूप से कोयम्बटूर का रहने वाला है। उसने राजनीतिक शिकायतों का हवाला देते हुए तुरंत भवन खाली करने की चेतावनी दी है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत भवन खाली करवाया और बम स्क्वॉड टीम और स्नीफर डॉग्स की मदद से पूरी जांच की।
सौरव बिस्वास नाम की आईडी से भेजे गए ईमेल में कहा गया है कि बुधवार दोपहर धमाके किए जाएंगे। इसके साथ ही उसने अपनी मांगों और अन्य बातों का भी इसमें जिक्र किया है।
अलर्ट पर प्रशासन और पुलिस
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वे हर संभावित खतरे की जांच कर रहे हैं।
एक दिन पहले भी मिली थी धमकी
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले इसी तरह के धमकी भरे ईमेल विधानसभा, स्पीकर कार्यालय और आसपास के इलाकों, जैसे कि विधान सभा मेट्रो स्टेशन, को भेजे गए थे, जिसके बाद सुरक्षा जांच तेज कर दी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि ईमेल में कई प्रमुख नेताओं का नाम का जिक्र था, जिससे खतरे की गंभीरता बढ़ गई। इसके बावजूद, अधिकारियों ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही जारी रहेगी और सुरक्षा बढ़ा दी गई है, इसलिए घबराने की कोई बात नहीं है।