26 वर्षीय यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी इस समय केवल अपने वायरल वीडियो की वजह से नहीं, बल्कि ईडी (ED) की जांच में आने के कारण भी सुर्खियों में हैं। उन्नाव के छोटे से गांव से निकलकर, अनुराग अब करोड़ों की संपत्ति और कई लग्जरी कारों के मालिक बन चुके हैं। हाल ही में ईडी ने उनके बैंक खाते फ्रीज किए और 4 लग्जरी कारें जब्त कर ली हैं। इन खातों में 3 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पाई गई। अनुराग फिलहाल दुबई में हैं, और ईडी उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि ये पैसा उन्होंने अपनी मेहनत से कमाया है, लेकिन 6 साल में इतनी संपत्ति बनाना एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।
वहीं, उनके अचानक बदली लाइफस्टाइल, लग्जरी कारें और विदेश यात्रा ने जनता का ध्यान और भी खींचा है। ये कहानी दर्शाती है कि कैसे छोटे गांव के लड़के ने यूट्यूब और ऑनलाइन फैंटेसी गेम्स के जरिए अपनी जिंदगी बदल दी, लेकिन अब उसे कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिता का मेडिकल स्टोर और बचपन
अनुराग का जन्म उन्नाव जिले के नवाबगंज इलाके में हुआ। उनके पिता लक्ष्मीनाथ द्विवेदी पिछले 20 साल से मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। अनुराग ने 9वीं तक पढ़ाई की, लेकिन पढ़ाई में मन न लगने की वजह से उन्होंने इसे बीच में छोड़ दिया।
क्रिकेट और फैंटेसी गेम्स में रुचि
अनुराग का मन पढ़ाई में कम और क्रिकेट में ज्यादा लगता था। 2016 में उन्होंने पहली बार Dream11 पर टीम बनाई। शुरुआती अनुभव में उन्हें पैसा नहीं मिला, लेकिन ये उनका पहला कदम था फैंटेसी गेम्स की दुनिया में।
सुरुआत छोटे-मोटे चालाकियों से
नए फोन के लिए अनुराग ने अपने चाचा की सोने की चेन चुराई और इसे बेचकर J-7 Prime फोन खरीदा। 2017 में IPL के लिए बनाई टीम से उन्होंने करीब 3 लाख रुपए कमाए। उस वक्त पैन कार्ड नहीं होने की वजह से उन्होंने अपने पिता का इस्तेमाल किया।
यूट्यूब चैनल और सफलता की कहानी
अनुराग ने 2016 में पहला चैनल बनाया, लेकिन कुछ समय बाद सस्पेंड हो गया। 2017 में नया चैनल खोला, जहां उन्होंने क्रिकेट मैचों के प्रिडिक्शन और टिप्स देने शुरू किए। वीडियो शुरू में नहीं चले, लेकिन स्वर्ण मंदिर की यात्रा के बाद चैनल वायरल हो गया।
फैंटेसी ऐप्स का प्रमोशन और विवाद
अनुराग ने हाउजैट, विजन-11, बैटबॉल-11 जैसे फैंटेसी ऐप्स को प्रमोट किया। छोटी रकम लगाने वाले जीतते थे, लेकिन बड़ी रकम लगाते ही यूजर्स का पैसा फंस जाता था। इन्हीं प्रिडिक्शन की वजह से अनुराग की लोकप्रियता बढ़ी।
लग्जरी लाइफ और ध्यान आकर्षित करना
अनुराग की अचानक बदलती लाइफस्टाइल – क्रूज शादियां, लग्जरी कारें और विदेश यात्रा – ने लोगों का ध्यान खींचा। ED ने प्रेस नोट में बताया कि अनुराग ने गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग के माध्यम से संपत्ति अर्जित की।
दुबई में निवेश और ED की कार्रवाई
जांच में पता चला कि अनुराग ने हवाला चैनलों और म्यूल अकाउंट से मिली कमाई का इस्तेमाल दुबई में रियल एस्टेट में निवेश करने के लिए किया। अब तक 3 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और लगभग 23.7 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।