
Assam flood situation: असम के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को चराइदेव जिले में दो लोगों की मौत हुई। यह जिला अब भी सबसे अधिक प्रभावित है, जहां करीब 1.90 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रभावित अन्य जिलों में गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और शिवसागर शामिल हैं।
Assam flood situation: अधिकारियों ने बताया कि चार जिलों में कुल 354 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां 37,724 विस्थापित लोगों को आश्रय और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपात सेवा तथा पुलिस सहित कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
Assam flood situation: असम के विभिन्न जिलों में तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है।
Assam flood situation: मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के दौरान एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद बिजली विभाग की टीमें शिवसागर, जोरहाट, चराइदेव, धुबरी, बोंगाईगांव और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा जांच पूरी करते हुए चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर रही हैं।
Assam flood situation: मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के बाद पुनर्वास कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा तथा स्कूलों और क्षतिग्रस्त हुए सभी बुनियादी ढांचे की समयबद्ध तरीके से मरम्मत और पुनर्बहाली सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में चावल सहित खाद्यान्न की बोरियां लगातार भेजी जा रही हैं।